अहमदाबाद विमान हादसे ने पूरे देश को किया शोकाकुल, योगी आदित्यनाथ ने रद्द किए अपने कार्यक्रम

By  Mangala Tiwari June 13th 2025 12:48 AM

ब्यूरो: अहमदाबाद में हुए एक दर्दनाक विमान हादसे ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। इस हृदयविदारक दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत कई यात्रियों और विमान के चालक दल के सदस्यों की मृत्यु हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे देश में शोक की लहर फैल गई है।


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से संवेदना जताते हुए लिखा, “अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी तथा हादसे के शिकार अन्य यात्रियों एवं चालक दल के सदस्यों का निधन अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को सद्गति एवं उनके शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”


सीएम योगी ने विजय रूपाणी को जनसेवा के लिए समर्पित एक कर्मठ नेता बताते हुए उनके निधन को भारतीय राजनीति और समाज की एक बड़ी क्षति करार दिया। उन्होंने यह भी कहा कि हादसे में मारे गए अन्य लोगों की मृत्यु भी अत्यंत दुखद है और यह क्षति अपूरणीय है।


बताया जा रहा है कि विमान में तकनीकी खराबी के चलते यह दुर्घटना अहमदाबाद एयरपोर्ट के निकट हुई, जिसमें सवार सभी यात्रियों की मौत हो गई। केंद्र सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और विमानन महानिदेशालय (DGCA) इसकी विस्तृत जांच कर रहा है।


सीएम योगी ने किए सभी कार्यक्रम रद्द:

इस हादसे से आहत होकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने सभी निर्धारित सरकारी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। उन्हें अंबेडकरनगर, बस्ती और गोरखपुर जिलों का दौरा करना था। अंबेडकरनगर के कटेहरी में कई परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास प्रस्तावित था। वहीं बस्ती में भी कई योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम थे। गोरखपुर में मुख्यमंत्री एक वरिष्ठ भाजपा नेता के निधन पर शोक व्यक्त करने उनके घर जाने वाले थे।

संबंधित खबरें