अंबेडकर जयंती पर पासी समाज का भव्य आयोजन, कमलेश पासवान ने दी एकता और जागरूकता की अपील

By  Mangala Tiwari April 15th 2026 07:47 PM

हरदोई: भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर पासी समाज के तत्वावधान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बांसगांव लोकसभा से सांसद व केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद अशोक रावत ने की, जबकि संचालन सांसद जय प्रकाश रावत द्वारा किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कमलेश पासवान ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पासी समाज के उत्थान और एकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि “पासी समाज के क्रांतिवीर शहीदों ने जो मशाल जलाई थी, उसे बुझने नहीं देना है। समाज का उत्थान ही मेरे जीवन का प्रमुख लक्ष्य है।” उन्होंने महान क्रांतिकारी मदारी पासी के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।


समाज को जागरूक करने का काम :

कमलेश पासवान ने अवध क्षेत्र के वीर योद्धाओं, महराज बिजली पासी, सुहेलदेव, उदा देवी और लाखन पासी के योगदान का भी उल्लेख किया और कहा कि इन सभी महान हस्तियों ने समाज को जागरूक करने का काम किया है। उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय ओमप्रकाश पासवान (पूर्व विधायक) के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से भी समाज को नई दिशा मिली है।


महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का लक्ष्य:

साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के “लखपति दीदी” अभियान के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट रहने और सामाजिक जागरूकता की इस “मशाल” को लगातार जलाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पासी समाज के लोग उपस्थित रहे और सभी ने एकजुट होकर बाबा साहब के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

संबंधित खबरें