CM योगी का बड़ा ऐलान, प्रदेश में फिर होगी 30 हजार पदों पर पुलिस भर्ती, जानें

By  Md Saif February 25th 2025 12:32 PM

ब्यूरो: UP NEWS: उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में बहुत जल्द ही 30 हजार पुलिस भर्ती की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी विधानसभा में इस बात का ऐलान किया है। सीएम योगी ने इस बात का जिक्र यूपी विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान किया है। 

सीएम योगी ने इस दौरान विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकाल में कानून व्यवस्था का बुरा हाल था। सीएम योगी ने कहा कि आज जब पुलिस प्रदेश के गुंडों को ठिकाने लगा रही है तो सपा को इससे भी बुरा लग रहा है। कानून के राज से किसको चिढ़ है, ये हर व्यक्ति जानता है। उन्होंने कहा कि मैं आपकी परेशानी समझ सकता हूं, लेकिन प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर आज हर कोई बात कर रहा है।

 

प्रदेश में 30 हजार पुलिस भर्ती

सीएम योगी ने यूपी पुलिस भर्तियों को लेकर ऐलान किया है कि जल्द ही प्रदेश में 30 हजार नई भर्तियां की जाएंगी। प्रदेश में 60 लाख से अधिक नौजवानों को नौकरी दी जा चुकी है। पुलिस विभाग में साल 2017 से अब तक 1,56,000 पदों पर भर्ती की गई है। वर्तमान समय में 60,020 पुलिस कर्मियों की भर्ती हो रही है। मिशन शक्ति के तहत पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत आरक्षण की सुविधा महिलाओं को दी गई है।

  

नेता प्रतिपक्ष पर पलटवार

सीएम योगी ने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय पर पलटवार करते हुए कहा कि आप तीर्थ यात्री बनकर देश में कहीं भी घूम आएं, आपको सम्मान मिलेगा और लोग यूपी की कानून व्यवस्था पर भी चर्चा करेंगे। समाजवादी जब अंतिम पायदान पर खड़ा होता है तो उसे धर्म की याद आती है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा और नेता प्रतिपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि अच्छा लगा कि आपने महाकुंभ, सनातन परंपरा व अयोध्या धाम को स्वीकार किया। समाजवादी जब अंतिम पायदान पर खड़ा होता है तो उसे धर्म की याद आती है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को इस बारे में आपत्ति थी कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने लोक कल्याण संकल्प पत्र में राज्यपाल के अभिभाषण में महाकुंभ को वैश्विक स्तर का आयोजन बनाने का उल्लेख क्यों किया और उस प्रकार की व्यवस्था क्यों नहीं की।

संबंधित खबरें