छात्रों के लिए सुनहरा मौका: लखनऊ विश्वविद्यालय में शुरू हो रहा है बीएससी एग्रीकल्चर कोर्स, जानें आवेदन प्रक्रिया

By  Mangala Tiwari May 29th 2025 04:46 PM

Lucknow: लखनऊ विश्वविद्यालय अपनी शैक्षणिक सुविधाओं को विस्तार देते हुए सत्र 2025-26 से बीएससी एग्रीकल्चर पाठ्यक्रम शुरू करने जा रहा है। इस चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, और इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस कोर्स में कुल 120 सीटें उपलब्ध होंगी।


कृषि संकाय की स्थापना और पाठ्यक्रम का विवरण:

 

कृषि संकाय की अध्यक्ष प्रो. गौरी सक्सेना ने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के मानकों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप विश्वविद्यालय में पहली बार कृषि संकाय की स्थापना की गई है। इस पहल के तहत बीएससी एग्रीकल्चर कोर्स शुरू किया जा रहा है। जब तक संकाय के लिए स्थायी परिसर तैयार नहीं हो जाता, तब तक कक्षाएं मुख्य परिसर में संचालित होंगी। पाठ्यक्रम को आईसीएआर द्वारा अनुमोदित छह डीन की समिति के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। 


वर्तमान में लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध 23 कृषि महाविद्यालय हैं, जिनमें से 16 में स्नातक और परास्नातक दोनों स्तर की पढ़ाई होती है, जबकि सात कॉलेज केवल स्नातक पाठ्यक्रम संचालित करते हैं।



सरोजनीनगर में बनेगा नया परिसर:


विश्वविद्यालय का तीसरा परिसर सरोजनीनगर के पिपरसंड क्षेत्र में कृषि संकाय के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने 50 एकड़ भूमि आवंटित की है, जो अभी पूरी तरह विश्वविद्यालय के कब्जे में नहीं है। भूमि का स्वामित्व प्राप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। प्रो. गौरी सक्सेना ने बताया कि बीएससी एग्रीकल्चर कोर्स का शुल्क प्रति सेमेस्टर 54,005 रुपये होगा, यानी वार्षिक शुल्क 1,08,010 रुपये होगा। यह पाठ्यक्रम चार वर्ष की अवधि का होगा।


आठ विभागों के साथ होगा संकाय का विस्तार:


कृषि संकाय के तहत आठ विभाग स्थापित किए जाएंगे, जिनमें शामिल हैं:  

1. कृषि विज्ञान  

2. आनुवंशिकी और पौध प्रजनन  

3. बागवानी एवं सब्जी विज्ञान  

4. मृदा विज्ञान और कृषि रसायन  

5. फसल शरीर क्रिया विज्ञान और जैव रसायन  

6. पादप रोग विज्ञान और सूक्ष्म जीव विज्ञान  

7. कीट विज्ञान और बीज प्रौद्योगिकी  

8. कृषि अर्थशास्त्र और विस्तार  

संबंधित खबरें