शादी के बाद दुल्हन जेवर लेकर फरार, दूल्हा करता रह गया सुहागरात का इंतजार

By  Md Saif February 14th 2025 01:10 PM

ब्यूरो: Maharajganj News: महराजगंज जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां घर आई नई दुल्हन शादी के बाद सुहागरात से पहले लाखों रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गई। जिसके बाद दुल्हा पुलिस के चक्कर लगा रहा है और इंसाफ की गुहार लगा रहा है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

ये पूरा मामला महराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र के रामपुर बल्डीहा गांव का है। यहां के रहने वाले मनीष की शादी 7 फरवरी को कोठीभार थाना क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। शादी के बाद 10 फरवरी को दुल्हन ससुराल पहुंची। शादी की खुशियों के बीच किसी को यहा अंदाजा भी नहीं था कि घर में आई नई दुल्हन सिर्फ कुछ घंटों की मेहमान है।

 

कैसे हुई घटना?

दुल्हे के मुताबिक उसने अपनी पत्नी को लगभग साढ़े तीन लाख रुपये के जेवर दिए थे, लेकिन उसकी बहन के ढाई लाख रुपये के गहने भी उसी कमरे में रखे गए थे। 11 फरवरी की रात जब घरवाले रिश्तेदारों और मेहमानों के खाने-पीने की व्यवस्था में व्यस्त थे, तब दुल्हन ने मौका देखकर सभी जेवर समेटे और फरार हो गई। जिसके बाद परिवार ने पूरी रात दुल्हन को ढूंढने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मिली। जिसके बाद परिवार वालों ने 12 फरवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। दुल्हा पक्ष ने दुल्हन के परिवार वालों से भी संपर्क किया लेकिन उन्होंने भी कोई जानकारी नहीं होने की बात कही। लेकिन पीड़ित पति का कहना है कि दुल्हन के परिवार वाले इस साजिश में शामिल हो सकते हैं।

महराजगंज के अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घुघली थाना क्षेत्र के रामपुर बल्डीहा गांव के निवासी मनीष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जल्द ही फरार दुल्हन का पता लगाने की बात कही है।

संबंधित खबरें