संभल हिंसा में प्रयोग हुए ईंट-पत्थरों से बनेगी पुलिस चौकी, उपद्रवियों ने पुलिस पर बरसाए थे पत्थर
ब्यूरो: Sambhal: पिछले साल नवंबर महीने में हुई संभल हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने जिन ईंट-पत्थरों का इस्तेमाल किया था, अब उन्हीं ईंट-पत्थरों का उपयोग पुलिस चौकी के निर्माण में किया जाएगा। बता दें कि पिछले साल जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा के बाद लगभग 6 ट्रॉली ईंट-पत्थर जमा किए गए थे। हिंसा वाली जगह पर ये ईंट-पत्थर बिखरे पड़े थे। पुलिस व प्रशासन की तरफ से इन्हें जमा करवाकर रख लिया गया था।
इस पूरे मामले पर संभल के SP केके बिश्नोई ने कहा कि हिंसा के दौरान उपद्रवियों की तरफ से इस्तेमाल किए गए पत्थरों को ही संभल के लोगों की सुरक्षा के लिए प्रयोग किया जाएगा। संभल जिले के दीपा सराय और हिंदूपुराखेड़ा में बन रही पुलिस चौकियों के निर्माण में पत्थरबाजों के द्वारा फेंके गए पत्थरों का प्रयोग किया जाएगा। संभल की सुरक्षा के लिए सेफ संभल प्रोजेक्ट लाया जा रहा था।
हिंसा के बाद संभल में 38 आउटपोस्ट बनाई जा रही हैं। शहर के 200 चौहारों पर फेस आईडेंटिफिकेशन वाले कैमरे लगाए जाएंगे। जिले में नई पुलिस चौकियों के निर्माण में सरकार से बजट प्राप्त हुआ है।
संभल की जामा मस्जिद में 24 नवंबर को एडवोकेट कमीशन सर्वे के दौरान मस्जिद के आस-पास के इलाके में हिंसा भड़क गई थी और भीड़ ने पुलिस पर कई घंटों तक भारी पत्थरबाजी की थी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया था। बाद में पुलिस ने नगर पालिका की टीमों को लगाकर हिंसा वाली जगह से 6 ट्रैक्टर भरकर ईंट-पत्थर हटवाए थे। लेकिन नगर पालिका ने इन पत्थरों को फेंकने के बजाए यार्ड में रखवा दिया था।