Mahakumbh: 59 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किया स्नान, प्रदेश के जेल में बंद कैदियों को भी मिला मौका!

By  Md Saif February 21st 2025 07:00 PM

ब्यूरो: Mahakumbh: प्रयागराज महाकुंभ में आस्था की पवित्र डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 59 करोड़ के पार पहुंच गया है। इस पुण्य डुबकी से कोई छूट न जाए और सभी की आस्था का सम्मान करते हुए योगी सरकार ने प्रदेश की जेल में बंद सभी कैदियों के लिए बड़ी पहल की है। प्रयागराज की सेंट्रल नैनी जेल और जिला जेल के हजारों कैदियों को भी इसका अवसर मिला।

प्रयागराज महाकुंभ में पवित्र डुबकी लगाने को उमड़ रहे आस्था के जन सैलाब ने अब तक के सभी पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। प्रशासन की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक अभी तक महाकुंभ में लगभग 59 करोड़ से ज्यादा लोग डुबकी लगा चुके हैं। योगी सरकार ने प्रदेश की जेल में बंद कैदियों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें भी इस पुण्य के भागीदार बनने का अवसर दिया है।

  

आपको बता दें कि प्रदेश की सभी 62 जेलों के कैदियों ने त्रिवेणी के पुण्य जल से स्नान किया है। इसके लिए जेल के अंदर बड़े-बड़े हौज बनाए गए, जिसमें त्रिवेणी से लाया गया पवित्र जल मिलाया गया। इसी जल से स्नान कर जेल में बंद कैदी भी पुण्य के भागीदार बने हैं। 

प्रयागराज की सेंट्रल नैनी जेल में भी इसके लिए भव्य व्यवस्था की गई। नैनी जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक रंग बहादुर पटेल बताते हैं कि नैनी जेल में इस समय 1700 से अधिक कैदी हैं, इन्हें 1400 से ज्यादा कैदियों को त्रिवेणी के पावन जल से स्नान करने का मौका मिला। शासन के निर्देश पर त्रिवेणी से एक कलश में वहां का पावन जल लाया गया। जेल के अंदर विधि विधान से उसका पूजन किया गया और फिर इसी जल को जेल के अंदर बनाए गए कुंड में डाल दिया गया। इसी जल से जेल के कैदियों ने पुण्य स्नान किया है। 

 

प्रयागराज की सेंट्रल नैनी जेल के अलावा जिले की जिला जेल में बंद कैदियों को भी अमृत काल में संगम के पुण्य जल से स्नान का पुण्य लाभ अर्जित करने का मौका मिला। प्रयागराज जिला जेल की वरिष्ठ अधीक्षक अमिता दुबे ने बताया कि जेल में 1300 से ज्यादा कैदी हैं। इनमें 1000 से अधिक कैदियों को महाकुंभ के जल से पुण्य स्नान के लिए व्यवस्था की गई। संगम से लाए गए पवित्र जल को विधि विधान से पूजा अर्चना करने के बाद उसी जल से कैदियों ने पवित्र स्नान किया है।

संबंधित खबरें