चंडीगढ़ के PGGC-11 में जमा खास रंग, मीडिया विशेषज्ञों ने स्टूडेंट्स को सिखाए न्यूज़ एंकरिंग के गुर, चुनौतियां भी बताई
चंडीगढ़, 15 अक्टूबर (ब्यूरो)। चंडीगढ़ के सेक्टर-11 के पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज के हिन्दी विभाग की ओर से ‘न्यूज़ एंकरिंग एवं टेलीविजन प्रस्तुति : कौशल और तकनीक’ विषय पर स्टूडेंट्स के लिए स्पेशल लेक्चर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पीटीसी न्यूज़ चैनल के एंकर और अनुभवी मीडिया विशेषज्ञ अतुल वर्मा (PTC News) और दैनिक सवेरा के न्यूज़ एंकर दीक्षांत कुमार (Dainik Savera) ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और स्टूडेंट्स के साथ अपने व्यावसायिक अनुभव साझा किए। इस दौरान दोनों ही मीडिया विशेषज्ञों ने मीडिया जगत की कार्यप्रणाली और मीडिया में करियर बनाने को लेकर अपने विचार साझा किए। वहीं, इस मौके पर कॉलेज प्राचार्या प्रो(डॉ.) रमा अरोड़ा ने दोनों वक्ताओं का स्वागत किया और कॉलेज और पीटीसी चैनल के बीच शैक्षणिक सहयोग को स्टूडेंट्स के कौशल-विकास और व्यावसायिक जागरूकता की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।
अनुभवी न्यूज़ एंकर अतुल वर्मा ने साझा किए मीडिया जगत में अपने 13 साल के अनुभव, छात्रों को दिए जरूरी टिप्स
कार्यक्रम का आगाज करते हुए पीटीसी न्यूज़ के अनुभवी न्यूज़ एंकर अतुल वर्मा ने मीडिया जगत में अपने 13 साल के अनुभव साझा किए। इस दौरान उन्होंने कॉलेज के सभागार में मौजूद छात्रों का मार्गदर्शन किया, टीवी पत्रकारिता से लेकर आज के दौर में डिजिटल स्तर पर की जा रही पत्रकारिता और उसमें आने वाली चुनौतियों के बारे में भी बताया, साथ ही। न्यूज़ एंकरिंग में करियर बनाने के लिए जरूरी बिंदुओं पर प्रकाश डाला। वहीं, अतुल वर्मा ने पीटीसी न्यूज़ में स्टूडियो से लेकर न्यूज़ रूम की कार्यप्रणाली और न्यूज़ एंकर के कार्यों को लेकर विस्तार से जानकारी दी। छात्रों को संबोधित करते हुए अतुल वर्मा ने कहा कि एक सफल न्यूज़ एंकर के लिए आत्मविश्वास, तत्परता, तथ्य-परकता तथा परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को प्रस्तुत करने की क्षमता जरूरी है। उन्होंने समाचार प्रस्तुति में शब्दों के उचित चयन, चेहरे के भाव और दर्शकों के साथ प्रभावी संवाद की भूमिका को भी रेखांकित किया।
न्यूज़ एंकर दीक्षात कुमार ने छात्रों के साथ किया संवाद, न्यूज़ एंकरिंग में करियर और टेलीविजन प्रस्तुति की दी जानकारी
वहीं, इसके बाद दैनिक सवेरा के न्यूज़ एंकर दीक्षात कुमार ने छात्रों के साथ संवाद किया और टेलीविजन प्रस्तुति के साथ-साथ मीडिया के क्षेत्र में व्यावसायिक कौशल की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। इससे पहले उन्होंने इसी कॉलेज में बिताए अपने समय को याद भी किया और अपने अब तक के सफर के खुशनुमा पल छात्रों के साथ साझा किए। दीक्षांत कुमार ने प्रभावी संप्रेषण, प्रस्तुति-कौशल, शारीरिक हाव-भाव और विषय की स्पष्ट समझ को सफल प्रस्तुति के लिए जरूरी आधार बताया। उन्होंने स्टूडेंट्स को नियमित अभ्यास, रचनात्मक सोच और व्यावहारिक अनुभव के जरिए अपनी क्षमताओं को विकसित करने के लिए भी प्रेरित किया। दोनों वक्ताओं ने समाचार प्रस्तुति में भाषा, उच्चारण, आवाज़ के उतार-चढ़ाव, आत्मविश्वास, शारीरिक हाव-भाव और विषय की स्पष्ट समझ के महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने मीडिया के क्षेत्र में सफल होने के लिए निरंतर अभ्यास, तथ्यपरकता और प्रस्तुति-कौशल को आवश्यक बताया।
न्यूज़ एंकरिंग और टेलीविजन प्रस्तुति के व्यावहारिक पक्षों को समझने का छात्रों को मिला मौका
ये व्याख्यान खास तौर पर SEC (Skill Enhancement Course) के स्टूडेंट्स के लिए उपयोगी रहा। इसके जरिए स्टूडेंट्स को समाचार-वाचन, न्यूज़ एंकरिंग और टेलीविजन प्रस्तुति के व्यावहारिक पक्षों को समझने का मौका मिला। कार्यक्रम ने स्टूडेंट्स में संचार-कौशल, आत्मविश्वास और मीडिया क्षेत्र में उपलब्ध व्यावसायिक संभावनाओं के प्रति जागरूकता विकसित करने में योगदान दिया। इस प्रकार कॉलेज के स्टूडेंट्स को क्लास में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का मौका मिला।
हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ.पूनम ने दोनों वक्ताओं का जताया आभार, संवाद को छात्रों के लिए बताया जरूरी
हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ.पूनम ने दोनों वक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया विशेषज्ञों के साथ इस प्रकार का संवाद विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करता है और ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रखे जाएंगे, ताकि छात्रों को व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ अपने करियर में एक सही दिशा मिल सके। उन्होंने ये भी कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां स्टूडेंट्स में आत्मविश्वास विकसित करने और उन्हें व्यावसायिक अवसरों के प्रति जागरूक बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। व्याख्यान का मुख्य उद्देश्य स्टूडेंट्स को समाचार-वाचन, न्यूज़ एंकरिंग, टेलीविजन प्रस्तुति तथा प्रभावी संप्रेषण-कौशल की व्यावहारिक जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन स्टूडेंट्स को मीडिया जगत की व्यावहारिक जरुरतों से परिचित करवाने के उद्देश्य से किया गया। इस मौके पर समाज शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो.(डॉ.) रेनू त्रिखा, हिन्दी विभाग के सदस्य डॉ नीतू और डॉ.निशा, लोक प्रशासन विभागाध्यक्ष डॉ.सोनिया कुमार और वनस्पति विज्ञान विभाग से डॉ.शाखा मौजूद रहीं।