हरियाणा के लाल वीर सपूत सुधीर नरवाल पंचतत्व में विलीन, गांव शेरपुर में दी गई अंतिम विदाई

By  Atul Verma January 24th 2026 03:56 PM

यमुनानगर, हरियाणा, 24 जनवरी। हरियाणा के लाल, देश के वीर सपूत सुधीर नरवाल आज पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। यमुनानगर जिले के शहीद सुधीर नरवाल को उनके गांव शेरपुर में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान सेना के अधिकारी, कई राजनेता और प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर शहीद सुधीर को नमन किया।

शहीद सुधीर नरवाल के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब

वहीं, तिरंगे में लिपटे हुए शहीद  सुधीर नरवाल का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, तो पूरा इलाका भारत माता की जय और वीर सपूत अमर रहे के नारों से गूंज उठा। हर आंख नम थी और हर दिल गर्व से भरा हुआ। वीर शहीद को अंतिम विदाई देते समय सबसे भावुक क्षण तब आया,

4 साल के बेटे ने दी शहीद पिता सुधीर नरवार को मुखाग्नि

शहीद सुधीर नरवाल के 4 साल के बेटे आयांश ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। मासूम आयांश की कांपती आंखों और चेहरे पर छाए दर्द ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया। गांव शेरपुर में उमड़ी जनसभा इस बात की गवाह बनी कि सुधीर नरवाल केवल एक सैनिक नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा और देश का गौरव थे।इस अवसर पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा, पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर समेत कई वरिष्ठ नेता, प्रशासनिक अधिकारी और सेना के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा बोले- दुख की घड़ी में परिवार के साथ है सरकार

यमुनानगर के एडीसी, एएसपी और अन्य सिविल और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। गौरतलब है कि 22 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सेना का एक वाहन गहरी खाई में गिर गया था। इस दर्दनाक हादसे में 10 जवान शहीद हो गए थे, जबकि 11 जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस हादसे में सुधीर नरवाल ने भी देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा है कि सुधीर नरवाल के जाने से ना सिर्फ इस इलाके को बल्कि पूरे देश-प्रदेश को क्षति पहुंची है। उन्होंने कहा कि पूरे परिवार की जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की है।

संबंधित खबरें