शेर-ए-पंजाब T20 लीग में नमन धीर की 173 रन की ऐतिहासिक पारी, गेल का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके

By  Atul Verma September 10th 2026 07:31 PM

मोहाली, 10 सितंबर (ब्यूरो)। आईएस बिंद्रा क्रिकेट स्टेडियम में शेर-ए-पंजाब T20 लीग का महारोमांच जारी है, आए दिन बल्लेबाजों और गेंदबाजों की तरफ से नए-नए रिकॉर्ड बनाए जा रहे हैं, वहीं, अमृतसर सूरमास के धाकड़ बल्लेबाज नमन धीर ने मोहाली किंग्स के खिलाफ एक मुकाबले में तूफानी पारी खेलकर T20 फॉर्मेट में पहला दोहरा शतक जड़ने की तरफ इशारा कर दिया है।

नमन धीर की 173 रन की यादगार पारी, गेल का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके

मोहाली किंग्स के खिलाफ खेलते हुए नमन धीर ने सभी गेंदबाजों की जमकर पिटाई की और 173 रन की यादगार और तूफानी पारी खेलकर आउट हो गए। पारी में 2 गेंद बाकी थी और नमन धीर, यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल का T20 का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। अभिषेक शर्मा की जगह इस मैच में अमृतसर सूरमास की कप्तानी करते हुए नमन धीर ने शानदार पारी खेली और उनकी पारी की बदौलत टीम ने 67 रन से जीत भी हासिल की।

64 गेंद पर 12 छक्के, 16 चौके और नमन धीर ने जड़ दिए 173 रन

पहले बल्लेबाजी करने उतरी अमृतसर सूरमाज की शुरुआत खराब रही और 16 रन के स्कोर पर पहला विकेट गिर गया। हालांकि, नमन धीर ने एक तरफ से आक्रामक बैटिंग जारी रखी और मोहाली किंग्स को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। नमन ने 64 गेंद पर 16 चौके और 12 छक्के की मदद से 173 रन की दमकार पारी खेली। इसी के साथ T20 क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने के मामले में नमन धीर दूसरे स्थान पर पहुंच गए । उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एरॉन फिंच को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने साल 2018 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 172 रन की पारी खेली थी।

अमृतसर सूरमास खड़ा किया 279 रन का पहाड़, मोहाली को मिली हार

धीर के अलावा दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्कोरर जश्नप्रीत सिंह रहे, जिन्होंने 25 गेंदों पर 41 रनों की पारी खेली। नमन के विशाल शतक के दम पर अमृतसर की टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 279 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर लिया। मोहाली के लिए आयुष गोयल सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 विकेट अपने नाम किए।

280 रनों के विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी मोहाली की टीम भी अच्छी शुरुआत नहीं कर सकी और 7 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया। जसकरणवीर पॉल और अनमोलप्रीत सिंह ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच 80 रनों की साझेदारी हुई। अनमोलप्रीत 52 रन बनाकर आउट हो गए। पॉल ने भी 76 रन बनाए लेकिन इन दोनों के अलावा अन्य बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सके और मोहाली को मैच में 67 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

T20 क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोरः

क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) - 175 रन

नमन धीर (भारत) - 173 रन

एरोन फिंच (ऑस्ट्रेलिया) - 172 रन

हमजा खान (रवांडा) - 164* रन

कर्णवीर सिंह (ऑस्ट्रिया) - 164 रन

संबंधित खबरें