Sher-E-Punjab T20 League: आखिरी गेंद पर थी 6 रन की दरकार, पर जीत से चूकी लुधियाना लायंस, 1 रन से जीती गिल की टीम

By  Atul Verma September 7th 2026 06:04 PM

मोहाली, 7 सितंबर (ब्यूरो)। शेर-ए-पंजाब टी20 लीग के 15वें मुकाबले में शुभमन गिल की फजिल्का फाल्कन्स और अर्शदीप सिंह की कप्तानी वाली लुधियाना लायंस के बीच हाई-वोल्टेज देखने को मिला. मैच का नतीजा अंतिम गेंद तक अटका रहा, लुधियाना को जीत के लिए आखिरी गेंद पर 6 रन चाहिए थे. आखिरी ओवर में फाजिल्का के गेंदबाज ने अपने सटीक गेंदबाजी के दम पर पूरी बाजी पलट दी और इस मैच में फाजिल्का फाल्कन्स ने लुधियाना लायंस को महज 1 रन से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की।

आखिरी ओवर का रोमांच और 1 रन से जीत गया फाजिल्का फाल्कंस

मैच की आखिरी गेंद पर लुधियाना लायंस को जीत के लिए 6 रन चाहिए थे और क्रीज पर विस्फोटक अंदाज में खेल रहे माधव पठानिया मौजूद थे. लेकिन गेंदबाज ने दबाव के क्षणों में कमाल का संयम दिखाया और गेंद को छक्का नहीं बनने दिया. पठानिया के बल्ले से निकली गेंद सिर्फ बाउंड्री तक ही जा सकी और लुधियाना की टीम 1 रन से पीछे रह गई. इस तरह फजिल्का फाल्कन्स ने इस सांस रोक देने वाली जंग को जीत लिया. शुभमन गिल को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. इससे पहले माधव पठानिया ने 16 गेंदों पर ताबड़तोड़ 37 रन कूट डाले, वहीं कृष भगत ने 23 गेंदों में 28 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ दिया. अंतिम ओवर में लुधियाना को जीत के लिए 19 रनों की जरूरत थी. लुधियाना के बल्लेबाजों ने अंतिम ओवर की शुरुआती गेंदों पर रन बटोरकर मैच को आखिरी गेंद तक खींच दिया.

अपने पहले मैच में गिल ने खेली तूफानी पारी, शुरुआती ओवर्स में जमाया रंग

इस मुकाबले में शुभमन गिल आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्होंने फजिल्का फाल्कन्स की ओर से इस सीजन के अपने पहले मैच में बल्ले से शानदार खेल दिखाया और तूफानी पारी खेली। टॉस जीतकर लुधियाना के कप्तान अर्शदीप सिंह ने फाजिल्का को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया, लेकिन गिल ने मैदान पर उतरते ही विपक्षी गेंदबाजों की धुनाई शुरू कर दीं. उन्होंने 21 गेंदों पर 7 चौके और 1 गगनचुंबी छक्के की मदद से 40 रनों की तेज तर्रार पारी खेली.

कार्तिक चड्ढा की स्पिन की फिरकी में फंसे शुभमन गिल

जब ऐसा लग रहा था कि गिल का तूफान थमने नहीं वाला, तभी लुधियाना लायंस के युवा गेंदबाज कार्तिक चड्ढा का जादू चल गया. चड्ढा ने 4 ओवर सिर्फ 9 रन देकर 4 बड़े विकेट चटकाए. उन्होंने ना सिर्फ शुभमन गिल को पवैलियन भेजा, बल्कि बैक-टू-बैक झटके देकर फजिल्का फाल्कन्स की रनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया. गिल का विकेट गिरने के बाद फजिल्का की पारी लड़खड़ाने लगी, ऐसे नाजुक मोड़ पर प्रेरित दत्ता और जयवीर भिंडर सिंह ने जिम्मेदारी संभाली. प्रेरित दत्ता ने 23 गेंदों में 36 रनों की पारी खेली, जबकि जयवीर भिंडर ने 18 गेंदों में 21 रन जोड़कर टीम को संकट से उबारा. फजिल्का फाल्कन्स की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट गंवाकर 170 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

171 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरे लुधियाना लायंस ने दिखाया दमदार खेल

171 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लुधियाना लायंस की शुरुआत फजिल्का के गेंदबाजों ने बिगाड़ दी. अनुशासित लाइन-लेंथ के दम पर गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए. लुधियाना के सलामी बल्लेबाज कार्तिक शर्मा ने 29 गेंदों में 32 रन बनाकर एक छोर संभालने की पुरजोर कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहने के कारण आवश्यक रन रेट का पहाड़ जैसा दबाव लुधियाना पर लगातार बढ़ता चला गया.

जब मैच पूरी तरह से फजिल्का फाल्कन्स की मुट्ठी में दिखाई दे रहा था, तभी क्रीज पर आए माधव पठानिया और कृष भगत ने हारा हुआ मैच फिर से जिंदा कर दिया. दोनों बल्लेबाजों ने बिना किसी डर के गेंदबाजों पर खौफनाक धावा बोल दिया. पठानिया और भगत ने फजिल्का के गेंदबाजों की गेंदों को बाउंड्री से बाहर भेजते हुए महज 29 गेंदों में 61 रनों की अटूट और विस्फोटक साझेदारी कर डाली, जिससे लुधियाना के खेमे में जीत की उम्मीदें फिर से जाग उठीं.

संबंधित खबरें