मौसम की बड़ी करवट! गोरखपुर में गिरे ओले, लखनऊ-कानपुर में तेज हवाएं; 30 जिलों में बारिश का अलर्ट
ब्यूरो: UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट बदली है। गोरखपुर में तेज हवा के साथ बारिश हुई। दस मिनट तक ओले भी गिरे। इससे सड़कों पर ओलों की सफेद चादर बिछ गई। वाराणसी, कानपुर और लखनऊ में बादल छाए हुए हैं। हवा की गति बीस से पच्चीस किलोमीटर प्रति घंटा है। आज 30 जिलों में बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूरे प्रदेश में एक हफ्ते तक ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है।
बारिश से तापमान में तीन से पांच डिग्री की गिरावट आएगी। बुधवार की बात करें तो जालौन का उरई सबसे गर्म रहा। यहां 42 डिग्री तापमान अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। 41 डिग्री के साथ बांदा और लखीमपुर जिले दूसरे नंबर पर रहे। सबसे ठंडा जिला शाहजहांपुर रहा। यहां सबसे कम तापमान 19.9 डिग्री दर्ज किया गया। बहराइच और चित्रकूट के बीच हवा की गति 44 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
क्यों बदला मौसम?
मौसम विभाग ने बताया कि इस समय दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान से केरल तक एक शुष्क रेखा बनी हुई है। इसका असर पूरे उत्तर प्रदेश में फैल रहा है। इसके अलावा पश्चिम में एक मजबूत विक्षोभ सक्रिय है। दक्षिण-पश्चिमी हवाओं और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के बीच टकराव हो रहा है। इसी वजह से मौसम में बदलाव हुआ है।
शहरों का हाल जानें
अयोध्या में मौसम साफ है। सुबह से ही धूप खिली हुई है। हवा की गति आठ किलोमीटर प्रति घंटा है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार शाम को बादलों की आवाजाही देखने को मिल रही है।
प्रयागराज का मौसम साफ है। धूप खिली हुई है। सुबह 10 बजे मापा गया तापमान 32 डिग्री रहा। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया। गर्मी के कारण स्कूलों का समय बदल दिया गया है। बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी के अनुसार कक्षा आठ तक के स्कूल अब सुबह सात बजे से 11:30 बजे तक खुलेंगे।