'भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल होने के निमंत्रण पर अखिलेश ने दिया जवाब

By  Mohd. Zuber Khan January 2nd 2023 03:29 PM

लखनऊ: राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए निमंत्रण मिलने पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने आभार जताया है। सपा चीफ अखिलेश ने राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं।

सपा प्रमुख ने पत्र जारी कर कहा,- "प्रिय राहुल जी, 'भारत जोड़ो यात्रा' में आमंत्रण के लिए धन्यवाद और 'भारत जोड़ो' की मुहिम की सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं! भारत भौगोलिक विस्तार से अधिक एक भाव है, जिसमें प्रेम, अहिंसा, करुणा, सहयोग और सौहार्द ही वो सकारात्मक तत्व है, जो भारत को जोड़ते हैं, आशा है ये यात्रा हमारे देश की इसी समावेशी संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से अपने लक्ष्य को प्राप्त करेगी।"

गौरतलब है कि इससे पहले  राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा था कि समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय विचारधारा नहीं है। वहीं, राहुल गांधी के इस बयान पर अखिलेश यादव ने पलटवार भी किया था। अखिलेश ने कहा, "समाजवादी पार्टी एक राष्ट्रीय पार्टी बनने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नेताजी के समय पर कई प्रदेशों में विधायक रहे हैं। मध्य प्रदेश में कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनना था, तब सबसे पहले समाजवादी पार्टी के विधायक को ढूंढ रहे थे, मुझे याद है तब समाजवादी पार्टी ने उनको समर्थन दिया था, उसी समर्थन से मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी, महाराष्ट्र में भी समाजवादी पार्टी के विधायकों का सहयोग समर्थन मांग रहे थे, नेताजी ने कई बार लोकसभा की सीटों पर राष्ट्रीय पार्टी के प्रत्याशियों को हमेशा समर्थन देकर जिताया है।"

ये भी पढ़ें:- सुप्रीम कोर्ट में मंज़ूर हुई OBC आरक्षण पर योगी सरकार की याचिका

आपको बता दें कि 3 जनवरी को यूपी के ज़िला ग़ाज़ियाबाद के लोनी बॉर्डर से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ एंट्री करेगी। इसके बाद 4 जनवरी को बाग़पत, 5 जनवरी को शामली और 6 जनवरी को कैराना से होकर दूसरे चरण में हरियाणा के सोनीपत ज़िले में प्रवेश में कर जाएगी। वहां से यह यात्रा पंजाब और जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होगी।

गौरतलब है कि 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू की गई यात्रा ने अब तक कई राज्यों को कवर कर लिया है, इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली शामिल हैं।

-PTC NEWS

Related Post