हरिद्वार पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, आगामी चारधाम यात्रा को लेकर दी बड़ी जानकारी
हरिद्वार, उत्तराखंड, 24 फरवरी। हरिद्वार पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी चारधाम यात्रा को लेकर बड़ी जानकारी दी है। सीएम धामी ने कहा कि इस बार यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यात्रा संचालन से जुड़े तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय व्यापारियों, परिवहन से जुड़े लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों के सुझावों को भी शामिल किया जा रहा है ताकि व्यवस्थाएं जमीनी स्तर पर मजबूत बन सकें।
यात्रा शुरू होने से पहले सभी जरूरी कार्य किए जा रहे पूरे- सीएम धामी
उन्होंने कहा कि अप्रैल महीने से यात्रा शुरू होने जा रही है और उसी समय स्कूलों की छुट्टियां होने के कारण श्रद्धालुओं की भारी भीड़ आने की संभावना है, जिसे देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान, स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षा इंतजाम पहले से तैयार किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी जरूरी निर्माण और व्यवस्थागत कार्य पूरे कर लिए जाएंगे तथा लगातार उच्चस्तरीय बैठकों के जरिए व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।
सीएम धामी ने कुंभ मेले से जुड़े बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की भी समीक्षा की
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेला नियंत्रण भवन पहुंचकर मेले से जुड़े बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की समीक्षा भी की और 34 अहम विकास कार्यों का शिलान्यास किया। करीब 234 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इन कार्यों में घाटों का निर्माण, सड़क और परिवहन व्यवस्था का विस्तार, पेयजल सुविधाओं को मजबूत करना और श्रद्धालुओं के लिए स्थायी सुविधाएं विकसित करना शामिल है। सरकार का दावा है कि ये परियोजनाएं सिर्फ कुंभ तक सीमित नहीं रहेंगी बल्कि हरिद्वार शहर के दीर्घकालीन विकास की आधारशिला भी बनेंगी। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे और तैयारियों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।