ब्यूरो: Uttar Pradesh Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। तापमान में अचानक उछाल आया है। इस सीजन में पहली बार गुरुवार को 14 जिलों में हीटवेव अलर्ट जारी किया गया। प्रयागराज, झांसी और हमीरपुर में बुधवार को तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया।
गुरुवार सुबह जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रयागराज सबसे गर्म शहर रहा। यहां 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान अब तक का सबसे अधिक रिकॉर्ड किया गया। अयोध्या इस दौरान सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा। लखनऊ में भी बुधवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। यहां 39 डिग्री सेल्सियस तापमान अब तक का सबसे अधिक रिकॉर्ड किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश में हाल ही में आया पश्चिमी विक्षोभ तापमान में उछाल के लिए जिम्मेदार है। इसके प्रभाव से कई जिलों में बारिश और बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग का दावा है कि इससे वायुमंडल से धूल के कण खत्म हो गए। नतीजतन, पृथ्वी की सतह पर सूर्य की रोशनी का सीधा असर हो रहा है। तापमान में उछाल का यह एक मुख्य कारण है।
कल से पश्चिम से आने वाली हवाएं और तेज होंगी
मौसम विभाग के अनुसार 27 मार्च को झांसी समेत बुंदेलखंड के कई इलाकों में लू चलेगी। अगले दो-तीन दिन में तेज पश्चिमी हवाएं चलने से तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट आएगी। हवाएं तीस से चालीस मील प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। इसके बाद तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि अगले दस दिन तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।
जून में पारा जाएगा 49 डिग्री के पार
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में मई और जून में अधिकतम तापमान 49 डिग्री सेल्सियस से अधिक रह सकता है। वहीं, मार्च के अंत तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाएगा। अप्रैल में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। इस बीच मार्च में लू चलने का अनुमान है। मार्च से मई के महीनों में आठ से दस दिन तक ऐसा हो सकता है।