Saturday 28th of February 2026

हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, बेटियों के लिए शुरू हुआ HPV वैक्सीनेशन

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Dishant Kumar  |  February 28th 2026 07:50 PM  |  Updated: February 28th 2026 07:50 PM

हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, बेटियों के लिए शुरू हुआ HPV वैक्सीनेशन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी में  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए राष्ट्रव्यापी HPV टीकाकरण अभियान से जुड़ते हुए नैनीताल जनपद के समग्र विकास हेतु ₹147 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही ₹154 करोड़ की लागत से हल्द्वानी–काठगोदाम स्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना का भूमि पूजन भी किया। 

मुख्यमंत्री ने कहाकी HPV टीकाकरण अभियान  प्रधानमंत्री के नारी सम्मान, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य के प्रति अटूट संकल्प का सशक्त प्रतीक है। आज जिन विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है, वे क्षेत्रीय प्रगति को नई दिशा देंगी।  प्रधानमंत्री  के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में स्वस्थ और समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण हेतु स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष बल दिया जा रहा है। प्रदेश में 51 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं तथा हल्द्वानी में राजकीय कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार भी ‘स्वस्थ उत्तराखण्ड, समृद्ध उत्तराखण्ड’ के अपने सपने को साकार करने के लिए प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण पर निरंतर कार्य कर रही है। आयुष्मान योजना के अंतर्गत राज्य में अब तक करीब 61 लाख आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए हैं, जिसके माध्यम से प्रदेश के लाखों मरीजों को निःशुल्क उपचार का लाभ मिल रहा है। राज्य के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में पाँच मेडिकल कॉलेज पहले से ही संचालित हैं, जबकि दो और मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी विभाग भी स्थापित किए गए हैं, जहाँ कार्डियोलॉजी, न्यूरोसर्जरी और यूरोलॉजी जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। हल्द्वानी में राज्य के प्रथम आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। राज्य में हेली एंबुलेंस सेवा भी प्रारंभ की गई है ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का आधुनिकीकरण कर उन्हें बेहतर सुविधाओं से युक्त किया जा रहा है। टेलीमेडिसिन सेवाओं के माध्यम से दूरदराज के गाँवों में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा परामर्श सुविधा प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए भी निरंतर कार्यवाही की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम में न आएँ और अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य करवाएँ। यह केवल एक टीका नहीं, बल्कि उनके स्वस्थ जीवन का सुरक्षा कवच है। मुख्यमंत्री ने सभी शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला समूहों, धार्मिक और सामाजिक संगठनों से भी अपील करते हुए कहा कि वे इस अभियान के प्रति समाज में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने का कार्य करें और आगामी तीन महीनों में यह सुनिश्चित करने का प्रयास करें कि कोई भी बालिका इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।

Latest News

PTC NETWORK
© 2026 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network