Thursday 24th of April 2025

सावधान! प्रदेश के इन 37 जिलों में गर्मी का कहर, 40 डिग्री के पार जा सकता है तापमान

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Md Saif  |  April 24th 2025 01:14 PM  |  Updated: April 24th 2025 01:14 PM

सावधान! प्रदेश के इन 37 जिलों में गर्मी का कहर, 40 डिग्री के पार जा सकता है तापमान

ब्यूरो: UP News: उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में अब दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होती जा रही हैं, इस वजह से आम लोगों का हाल बुरा होता जा रहा है। बीते बुधवार को प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, सुल्तानपुर, अमेठी, झांसी और आगरा जैसे कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। साथ ही बांदा में अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे यह यूपी का सबसे गर्म शहर बन गया।

मौसम विभाग ने गुरुवार से आने वाले तीन दिनों तक 37 जिलों में लू की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी, दक्षिणी और बुंदेलखंड के इलाकों में लू की स्थिति और तेज हो सकती है। पछुआ हवाएं 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं, इस वजह से रात के तापमान में हल्की गिरावट जरूर आई है। लेकिन दिन में गर्मी और धूप की तपिश लगातार बढ़ रही है।

 

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फ़तेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्ज़ापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, ग़ाज़ीपुर, आज़मगढ़, मऊ, बलिया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फ़िरोज़ाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झाँसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्र लू से विशेष रूप से प्रभावित होंगे।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ क्या कहते हैं?

इस दौरान धूप से बचना, ढीले, हल्के रंग के कपड़े पहनना, पर्याप्त पानी पीना, और छाया और आराम का ध्यान रखना स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है। जब लू चलती हैं, तो सिरदर्द, कमजोरी, चक्कर आना और उल्टी जैसे लक्षण आम होते हैं; ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर को बुलाएं।

 

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस साल उत्तर भारत में सामान्य से अधिक तापमान का सामना करना पड़ रहा है। पश्चिमी हवाओं का जोर और वातावरण में नमी का अभाव इसका मुख्य कारण है। जलवायु परिवर्तन के कारण गर्मी का मौसम अब लंबा और अधिक तीव्र हो गया है। जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला जाता है और हवा शुष्क होती है, तो लू चलती है। इसका सबसे अधिक असर युवाओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर पड़ता है। इसी वजह से प्रशासन और सरकार हमेशा लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रही है।

Latest News

PTC NETWORK
© 2025 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network