Saturday 10th of January 2026

कानपुर में वेज के नाम पर नॉनवेज परोसने के आरोप में ‘मामा-भांजे वेज कॉर्नर’ पर चला बुलडोजर

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Raushan Chaudhary  |  October 19th 2024 01:56 PM  |  Updated: October 19th 2024 01:56 PM

कानपुर में वेज के नाम पर नॉनवेज परोसने के आरोप में ‘मामा-भांजे वेज कॉर्नर’ पर चला बुलडोजर

Bulldozer Action on Restaurat in Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर में नगर निगम ने मामा-भांजे रेस्टोरेंट को बुलडोजर से ढहा दिया। यह रेस्टोरेंट फुटपाथ पर अवैध रूप से बनाया गया था। संचालक मुबीन अहमद पर हिंदू बनकर रेस्टोरेंट चलाने और वेज के नाम पर नॉनवेज परोसने के आरोप लगे थे। इस संबंध में शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर की गई थी, जिसके बाद जिलाधिकारी ने नगर निगम को कार्रवाई के आदेश दिए।

धार्मिक पहचान पर विवाद

शासन ने निर्देश दिया था कि प्रदेश के सभी ढाबों, होटलों और रेस्टोरेंट्स पर मालिक का नाम स्पष्ट रूप से लिखा जाना चाहिए। किदवई नगर से बारहदेवी चौराहे की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित इस रेस्टोरेंट में बीते 26 सितंबर को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया था। उनका आरोप था कि मुबीन अहमद अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर हिंदू नाम से रेस्टोरेंट चला रहा है।

बजरंग दल का हंगामा

बजरंग दल के सह जिला संयोजक विशाल बजरंगी ने बताया कि रेस्टोरेंट में काम करने वाले एक कर्मचारी ने जानकारी दी कि मुबीन अहमद माथे पर तिलक लगाकर अपनी पहचान छिपाता है। हंगामे के बीच पुलिस ने रेस्टोरेंट को बंद कर दिया था।

नगर निगम की कार्रवाई

नगर निगम के जोनल अधिकारी चंद्रप्रकाश ने बताया कि आईजीआरएस पोर्टल पर विकास और अशोक त्रिपाठी ने अतिक्रमण की शिकायत की थी। जांच के बाद जिलाधिकारी ने कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके तहत रेस्टोरेंट को ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि यह रेस्टोरेंट अवैध रूप से फुटपाथ पर बनाया गया था।

 

Latest News

PTC NETWORK
© 2026 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network