Wednesday 5th of February 2025

UP Diwas: आज उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस, पीएम मोदी, सीएम योगी समेत कई नेताओं ने दी बधाई

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Deepak Kumar  |  January 24th 2024 09:39 AM  |  Updated: January 24th 2024 09:39 AM

UP Diwas: आज उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस, पीएम मोदी, सीएम योगी समेत कई नेताओं ने दी बधाई

ब्यूरोः आज यानी 24 जनवरी 2024 को उत्तर प्रदेश अपना स्थापना दिवस मना रहा है। दरअसल, मई 2017 में यूपी सरकार ने 24 जनवरी को हर साल उत्तर प्रदेश दिवस मनाने का ऐलान किया था। उत्तर प्रदेश दिवस मनाने का प्रस्ताव राज्यपाल राम नाईक ने रखा था। तब से 24 जनवरी को यूपी दिवस के तौर पर मनाया जाता है। 

उत्तर प्रदेश दिवस को लेकर 24 जनवरी से चार फरवरी तक लखनऊ दिल्ली व नोएडा में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ लखनऊ के अवध शिल्पग्राम, नोएडा हाट सेक्टर-32 व दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित खड़क सिंह मार्ग सहित प्रदेश के सभी जिलों में शिल्पोत्सव के अलावा ओडीओपी उत्पादों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। वहीं, उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर सीएम योगी, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने बधाई दी है।

सीएम योगी ने ट्वीट करके लिखा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम एवं लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण की चरण रज से पावन हुई भक्ति, शक्ति और संस्कृति की धरा उत्तर प्रदेश के सभी सम्मानित निवासियों को 'उत्तर प्रदेश दिवस' की हार्दिक बधाई! आइए, पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में 'आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' के निर्माण हेतु संकल्पित हों।

यूपी  स्थापना दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके लिखा कि अध्यात्म, ज्ञान और शिक्षा की तपोभूमि उत्तर प्रदेश के अपने सभी परिवारजनों को राज्य के स्थापना दिवस की अनेकानेक शुभकामनाएं। बीते सात वर्षों में प्रदेश ने प्रगति की एक नई गाथा लिखी है, जिसमें राज्य सरकार के साथ जनता-जनार्दन ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की है। मुझे विश्वास है कि विकसित भारत की संकल्प यात्रा में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभाएगा।

 

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट करके लिखा कि उत्तर प्रदेश दिवस पर राज्य के सभी निवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। देश में सबसे अधिक आबादी वाला यह राज्य भारत की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। मैं उत्तर प्रदेश के कौशलयुक्त, परिश्रमी और निष्ठावान लोगों के सुख-समृद्धि की मंगल कामना करती हूं। मुझे विश्वास है कि यह राज्य और यहां के निवासी सदा विकास के पथ पर अग्रसर रहेंगे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट करके लिखा कि उत्तर प्रदेश दिवस’ पर प्रदेश के सभी भाइयों एवं बहनों को ढेरों शुभकामनाएं। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की पावन धरती, यह प्रदेश असीम संभावनाओं और ऊर्जा से भरा हुआ है। हाल के वर्षों में उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर तेज़ी से आगे बढ़ चुका है। हमारा यह प्रदेश और अधिक विकसित, समृद्ध और खुशहाल हो, यही मैं कामना करता हूं।

Latest News

PTC NETWORK
© 2025 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network