Mon, May 20, 2024

100 गाड़ियों के काफिले के साथ शपथ ग्रहण करने पहुंचे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय, बोले- आज 24 से 24 की तैयारी का आगाज हो गया

By  Shagun Kochhar -- August 24th 2023 06:01 PM
100 गाड़ियों के काफिले के साथ शपथ ग्रहण करने पहुंचे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय, बोले- आज 24 से 24 की तैयारी का आगाज हो गया

100 गाड़ियों के काफिले के साथ शपथ ग्रहण करने पहुंचे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय, बोले- आज 24 से 24 की तैयारी का आगाज हो गया (Photo Credit: File)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने गुरुवार को लखनऊ पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। बनारस में काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन करने के बाद अजय राय लखनऊ के लिए रवाना हुए। इस दौरान जौनपुर सुल्तानपुर व अमेठी जिले में अजय राय का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान अजय राय के काफिले में 100 से ज्यादा गाड़ियां शामिल रही। कांग्रेस कमेटी के प्रदेश कार्यालय पर भी कार्यकर्ताओं का हुजूम देखने को मिला। कांग्रेस कार्यालय पहुंचने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। शपथ ग्रहण कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण से हुई।


कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कांग्रेस मुख्यालय पर ध्वजारोहण किया। इस दौरान शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, विधायक आराधना मिश्रा मोना, समेट पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी ने कभी मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी की तरह अमेठी के लोगों से झूठ नहीं बोला है। ईरानी ने सांसद बनने के बाद 13 रुपये किलोग्राम चीनी उपलब्ध कराने का वादा किया था। उन्होंने कहा, "अमेठी के लोगों की मांग है कि राहुल गांधी को यहां से अगला चुनाव लड़ना चाहिए और वे भारी अंतर से उनकी जीत सुनिश्चित करेंगे।"


24 से 24 की तैयारी का आगाज- राय

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा हमारे यहां परंपरा चली आ रही है कि कोई भी शुभ काम करने से पहले भगवान श्री गणेश की पूजा की जाती है। मैं उनका नाम लेकर आज से नई शुरुआत कर रहा हूं। हम भगवान काशी विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर आए हैं। काशी के लोगों की जो सोच है, वही कांग्रेस पार्टी की सोच है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी कह रहे थे कि उन्होंने अजय से पदभार लिया और अजय को दिया। मैं पार्टी के कार्यकर्ता हूं और सभी पदाधिकारी को विश्वास दिलाता हूं कि मैं उनका अपमान नहीं होने दूंगा। 7 महीने जेल में बंद रहा तब भी कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता मेरे साथ खड़ा रहा। हम प्रदेश सरकार के बुलडोजर का मुंह घुमा देंगे। यह सरकार पत्रकारों को दबाने का काम करती है। ईडी - सीबीआई से डरने का काम करती है। कार्यकर्ताओं की ताकत हमारी पूंजी है। कार्यकर्ताओं ने मन बना लिया है, राहुल गांधी को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। अगर हम यूपी में कमजोर पड़ गए तो 2024 में हम राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नहीं बना पाएंगे। इसके लिए एक-एक सीट पर मेहनत होनी चाहिए। जिसका परिणाम 2024 में सामने आना चाहिए। मेरे संघर्ष में साथ देने वाली मेरी धर्मपत्नी रीना का सम्मान किया जाए।


अजय राय का राजनीतिक कैरियर 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का राजनीतिक कैरियर 1996 में भारतीय जनता पार्टी के साथ शुरू हुआ था। 1996 में बीजेपी के टिकट पर अजय राय ने वाराणसी की कोलअसला सीट से चुनाव लड़ कर जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2009 तक जीत का खिताब अजय राय के नाम रहा। 2012 में दिग्विजय सिंह यूपी कांग्रेस के प्रभारी और महासचिव थे। इस दौरान उन्होंने अजय राय को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिसके बाद अजय ने कांग्रेस के टिकट पर वाराणसी की पिंडरा सीट से चुनाव लड़कर जीत दर्ज की। हालांकि 2017 और 2022 में वह जीत हासिल करने में नाकाम रहे, लेकिन पार्टी के लिए जिम्मेदारी निभाते रहे। 2024 के लोकसभा चुनाव से अजय राय पर कांग्रेस पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी है। हालांकि देखना होगा अजय राय लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी को कितना लाभ पहुंचा पाते हैं। 2015 में वाराणसी में अन्याय प्रतिकार यात्रा के दौरान हुए बवाल के बाद अजय राय को गिरफ्तार किया गया था। तब राय को सात महीने से अधिक समय तक जेल में रहना पड़ा था। अभी भी यह मामला अदालत में विचाराधीन है। 


नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की टीम में युवाओं की छाप दिखेगी। संगठन सचिव सहित महत्वपूर्ण पदों पर ज्यादातर युवा नेताओं को मौका मिलेगा। खास बात यह है, कि प्रदेश कार्यकारिणी में पांच से छह जिले पर एक-एक सचिव नियुक्त करने की तैयारी है। ताकि पूरे प्रदेश में बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय किया जा सके।


इससे पहले बुंदेलखंड के खांटी नेता बृजलाल खाबरी को अक्टूबर 2022 में यूपी कांग्रेस पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था, लेकिन बीते करीब 10 महीने में बृजलाल खाबरी प्रदेश कमेटी पदों पर पदाधिकारियों की तैनाती नहीं कर सके। कई बड़े मामलों पर भी कांग्रेस पार्टी की प्रदेश कमेटी बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सकी। माना जा रहा है, कि यही वजह है, जिसके कारण कांग्रेस पार्टी यूपी प्रदेश अध्यक्ष का फेरबदल किया गया है। चूंकि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी संगठन को मजबूत करना चाहती है। ऐसे में प्रदेश कमेटी के पदाधिकारियों की तैनाती जरूरी है। हालांकि कांग्रेस पार्टी के सूत्रों के मुताबिक प्रदेश कमेटी में नए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में जल्द बदलाव देखने को मिलेगा।

  • Share

ताजा खबरें

वीडियो