देहरादून, उत्तराखंड, 11 मार्च। भराडीसैंण विधानसभा में बजट सत्र का आयोजन हो रहा है। सीएम धामी इससे पहले सुबह की सैर पर निकले और लोगों से सरकारी योजनाओं का फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने पूर्व ग्राम प्रधान चंद्र सिंह के प्रतिष्ठान पर चाय का आनंद लिया और वहां मौजूद स्थानीय लोगों के साथ संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने लोगों से लिया सरकार की योजनाओं पर फीडबैक
सीएम धामी ने लोगों से सरकार की कई योजनाओं का फीडबैक लिया।कहा की हमारी सरकार का प्रयास इकोलॉजी और इकॉनमी के बेहतर समन्वय के साथ पहाड़ी क्षेत्रों का सुनियोजित विकास करना है। जहां स्थानीय लोगों को सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार की सुविधा उपलब्ध हो सके। आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के आंकड़े हमारे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम को परिलक्षित कर रहे हैं।
शहरी क्षेत्रों में बेहतर व्यवस्था के लिए निरंतर कर रहे हैं काम- सीएम धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों में बेहतर नियोजन, सुव्यवस्थित विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस सहायता से प्रदेश के शहरों में संतुलित और टिकाऊ विकास को गति मिलेगी तथा आम नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्र की मोदी सरकार का भी जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्यों के बुनियादी ढांचे के विकास को निरंतर प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह वित्तीय सहायता उत्तराखण्ड में योजनाबद्ध शहरी विकास, आधुनिक भूमि प्रबंधन प्रणाली और मजबूत आधारभूत ढांचे के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।