Sunday 15th of March 2026

गाजियाबाद में रेप के बाद हुई थी 5 साल की बच्ची की हत्या, प्राइवेट पार्ट में मिले चोट के निशान

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Vinod Kumar  |  December 04th 2022 03:13 PM  |  Updated: December 04th 2022 03:13 PM

गाजियाबाद में रेप के बाद हुई थी 5 साल की बच्ची की हत्या, प्राइवेट पार्ट में मिले चोट के निशान

गाजियाबाद के सिटी फॉरेस्ट इलाके में बच्ची की हत्या दुष्कर्म के बाद की गई थी। इस बात का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हुआ है। बच्ची के प्राइवेट पार्ट और शरीर पर खरोंच के निशान मिले हैं। दुष्कर्म के बाद बच्ची को गला दबाकर मारा गया। अब तक पुलिस डेढ़ दर्जन लोगों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन पुलिस के हाथ अभी तक खाली है।

बता दें कि सहिबाबाद थाना क्षेत्र के इलाके में मिस्त्री का काम करने वाले एक मजदूर की पांच साल की बेटी गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे लापता हो गई थी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद बच्ची की लाश 22 घंटे बाद शुक्रवार दोपहर को 12 बजे घर से डेढ़ सौ मीटर दूर मिली। गले में रस्सी के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुई है कि बच्ची की हत्या गला दबाकर की गई थी। हत्या से पहले बच्ची के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया गया था। 

पुलिस ने पुष्टि करते हुए बताया कि बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। बच्ची के प्राइवेट पार्ट पर चोटों के निशान हैं। इससे लग रहा है कि हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। सुबूतों की स्लाइड बनाकर फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेज दी गई है। इसकी रिपोर्ट आने में समय लगेगा।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद पॉक्सो एक्ट और रेप की धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी के गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 6 टीमें गठित की गई हैं।  पूरे मामले में पुलिस की कार्यशैली से मृतक बच्ची के परिजन संतुष्ट नहीं हैं। पुलिस ने मौके पर ना तो फोरेंसिक टीम को बुलाया और न ही डॉग स्क्वॉयड बुलाया गया। शुक्रवार को जब बच्ची का शव बरामद हुआ, तो उन्हें सूचना भी नहीं दी गई। पुलिस ने शव सीधे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

Latest News

PTC NETWORK
© 2026 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network