Tuesday 22nd of April 2025

शक्ति से मयंक तक: UPSC 2024 के टॉप 10 ने रच डाला नया कीर्तिमान! जानिए इनके बारे में

Reported by: Mangala Tiwari  |  Edited by: Mangala Tiwari  |  April 22nd 2025 04:46 PM  |  Updated: April 22nd 2025 04:46 PM

शक्ति से मयंक तक: UPSC 2024 के टॉप 10 ने रच डाला नया कीर्तिमान! जानिए इनके बारे में

Lucknow: यूपीएससी ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए हैं, जिसमें प्रयागराज की शक्ति दुबे ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। कुल 1009 उम्मीदवारों ने मेरिट सूची में जगह बनाई है, और यह सूची यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर उपलब्ध है।

शीर्ष रैंकर्स की झलक:

1. शक्ति दुबे

प्रयागराज की बेटी शक्ति दुबे ने अपनी मेहनत और लगन से ऑल इंडिया टॉपर का खिताब अपने नाम किया। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बायोकेमिस्ट्री में स्नातक शक्ति ने वैकल्पिक विषय के रूप में राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंध चुने।

2. हर्षिता गोयल

दूसरे स्थान पर हरियाणा की हर्षिता गोयल ने कब्जा जमाया। वडोदरा, गुजरात में पली-बढ़ी हर्षिता पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। सामाजिक कार्यों में भी उनकी रुचि रही है, और उन्होंने अहमदाबाद के बीलीफ फाउंडेशन के साथ थैलेसीमिया और कैंसर पीड़ित बच्चों के लिए काम किया है।

3. अर्चित पराग डोंगरे

तीसरे स्थान पर वीआईटी, वेल्लोर से इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के स्नातक अर्चित ने अपनी जगह बनाई। दर्शनशास्त्र उनका वैकल्पिक विषय था, जिसने उनकी सफलता में अहम भूमिका निभाई।

4. मार्गी चिराग शाह

गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर इंजीनियरिंग की डिग्री धारक मार्गी ने समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना और चौथा स्थान प्राप्त किया।

5. आकाश गर्ग 

दिल्ली के गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय से कंप्यूटर साइंस में बी.टेक करने वाले आकाश ने समाजशास्त्र के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।

6. कोमल पुनिया

सहारनपुर, उत्तर प्रदेश की लाल कोमल पुनिया ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2024 में छठा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का डंका बजाया। पढ़ाई में शुरू से ही अव्वल कोमल ने इंटरमीडिएट में 97% अंकों के साथ जिले में शीर्ष स्थान पाया था। इसके बाद आईआईटी रुड़की से बी.टेक की पढ़ाई पूरी कर उन्होंने अपनी मेहनत को यूपीएससी की सफलता में बदला।

7. आयुषी बंसल

मध्य प्रदेश के ग्वालियर की आयुषी ने अपनी लगातार कोशिशों से सातवां स्थान प्राप्त किया। पहले 2022 में 188वीं और 2023 में 97वीं रैंक हासिल करने वाली आयुषी ने दिल्ली में मैकेंजी एंड कंपनी में नौकरी छोड़कर यूपीएससी की तैयारी शुरू की थी। उनके पिता का देहांत बचपन में ही हो गया था, फिर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।

8. राज कृष्ण झा

राज कृष्ण झा का जन्म बिहार के सीतामढ़ी में हुआ। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा नेपाल के जापा जिले में पूरी की। इसके बाद, बिहार बोर्ड से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के पश्चात, उन्होंने मोतीलाल राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक की डिग्री हासिल की। साल 2018 में उन्होंने हिंदुस्तान पेट्रोलियम में नौकरी शुरू की और वर्तमान में वे कोल्हापुर में कार्यरत थे।

9. आदित्य विक्रम

आदित्य विक्रम, हरियाणा के बहादुरगढ़ के निवासी हैं। उन्होंने NIT इलाहाबाद से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक की डिग्री प्राप्त की। UPSC की मुख्य परीक्षा में उन्होंने वैकल्पिक विषय के रूप में मानवशास्त्र (एंथ्रोपॉलॉजी) चुना था।

10. मयंक त्रिपाठी

कन्नौज, उत्तर प्रदेश के मयंक ने अपने दूसरे प्रयास में 10वीं रैंक हासिल की। पहले प्रयास में 337वीं रैंक और यूपी पीसीएस में डीएसपी के रूप में चयन के बाद मयंक ने इस बार शानदार प्रदर्शन किया। उनके पिता कलेक्ट्रेट में प्रधान सहायक हैं।

चयनित उम्मीदवारों का विवरण:

इस बार कुल 1009 उम्मीदवारों ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता पाई। इनमें सामान्य वर्ग से 335, ईडब्ल्यूएस से 109, ओबीसी से 318, एससी से 160 और एसटी से 87 उम्मीदवार शामिल हैं। शीर्ष 25 में 11 महिलाएं और 14 पुरुष हैं, जिसमें टॉप 5 में तीन और टॉप 10 में चार महिलाओं ने अपनी जगह बनाई।

परीक्षा का सफर:

यूपीएससी 2024 की प्रारंभिक परीक्षा 16 जून को हुई थी, जिसमें 9.92 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 5.83 लाख उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। मुख्य परीक्षा के लिए 14,627 उम्मीदवार चुने गए, और अंत में 2,845 उम्मीदवार साक्षात्कार के लिए योग्य हुए। इनमें से 1,009 उम्मीदवारों (725 पुरुष और 284 महिलाएं) को विभिन्न सेवाओं के लिए चुना गया।

Latest News

PTC NETWORK
© 2025 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network