Monday 2nd of February 2026

महाकुंभ हादसे पर राष्ट्रपति, अमित शाह, राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा ने जताया दुख, श्रद्धालुओं से की ये खास अपील

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Md Saif  |  January 29th 2025 02:10 PM  |  Updated: January 29th 2025 02:10 PM

महाकुंभ हादसे पर राष्ट्रपति, अमित शाह, राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा ने जताया दुख, श्रद्धालुओं से की ये खास अपील

ब्यूरो: MAHAKUMBH: प्रयागराज में मौनी अमावस्या पर स्नान के दौरान मची भगदड़ से कई सवाल खड़े हो गए हैं। संगम नोज पर करीब रात 1.45 बजे हुई घटना से कई श्रद्धालु घायल हो गए। इस घटना के पीछे की असल वजह सामने आ चुकी है।

संगम नगर प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में बीती रात मची भगदड़ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर दुख जताया है।

भगदड़ की घटना दुखद- राष्ट्रपति  

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है। मैं हताहत हुए श्रद्धालुओं के परिवारजनों के प्रति शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं और ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि घायल हुए सभी श्रद्धालु शीघ्र ही स्वस्थ हों।

सीएम और प्रशासन के संपर्क में हूं- गृह मंत्री अमित शाह  

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संगम में हुए हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि महाकुंभ में हुए दुःखद हादसे से अत्यंत व्यथित हूँ। इस दुर्घटना में जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति दें। प्रशासन घायलों को अस्पतालों में उपचार दे रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूँ।

 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रयागराज हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा कि प्रयागराज महाकुंभ में हुए दुःखद हादसे से मन अत्यंत व्यथित है। इस घटना में पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ और घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।  

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुर्घटना को पीड़ादायक बताते हुए कहा कि इस हादसे में जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

Latest News

PTC NETWORK
© 2026 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network