Tuesday 24th of February 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा में ITBP के योगदान की सराहना

Reported by: Tripurari Mishra  |  Edited by: Atul Verma  |  February 24th 2026 01:22 PM  |  Updated: February 24th 2026 01:22 PM

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा में ITBP के योगदान की सराहना

देहरादून, उत्तराखंड, 24 फरवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शासकीय आवास में आज भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक (DG)  शत्रुजीत कपूर ने शिष्टाचार भेंट की, इस मौके पर राज्य की सीमाओं की सुरक्षा, सीमांत क्षेत्रों में विकास कार्यों तथा आपदा प्रबंधन में समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा भी की गई।

सीएम धामी ने की अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा में ITBP के योगदान की सराहना

इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा में ITBP के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड जैसे सीमावर्ती राज्य में ITBP की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सीमांत क्षेत्रों में तैनात जवान ना केवल देश की सुरक्षा में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं, बल्कि स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में भी सहभागी बन रहे हैं।

सरकार सीमांत जिलों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है- सीएम धामी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत जिलों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, स्वास्थ्य, संचार और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास निरंतर जारी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार और ITBP के बीच बेहतर समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी।

DG ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को दी अहम जानकारी

DG ने मुख्यमंत्री को सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं, आधुनिक संसाधनों तथा बल की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा ITBP को दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी समन्वय बनाए रखने का आश्वासन दिया। बैठक में आपदा प्रबंधन, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में ITBP की सक्रिय भूमिका पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय ITBP ने सदैव तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर प्रदेशवासियों का विश्वास जीता है।

सुरक्षित सीमा, सशक्त उत्तराखंड के संकल्प के साथ बढ़ रहे आगे- सीएम धामी

सीएम धामी ने कहा कि “सुरक्षित सीमा, सशक्त उत्तराखंड” के संकल्प के साथ राज्य सरकार सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर कार्य कर रही है, ताकि सीमांत क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास की त्रिस्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री ने भविष्य में राज्य सरकार और ITBP  के मध्य नियमित संवाद एवं प्रभावी समन्वय की अपेक्षा की।

Latest News

PTC NETWORK
© 2026 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network