Monday 8th of June 2026

अफगानिस्तान को रौंदकर टीम इंडिया ने रच दिया इतिहास, क्रिकेट के जुनून के आगे भीषण गर्मी भी पड़ी फीकी

Reported by: Atul Verma  |  Edited by: Atul Verma  |  June 08th 2026 06:15 PM  |  Updated: June 08th 2026 06:28 PM

अफगानिस्तान को रौंदकर टीम इंडिया ने रच दिया इतिहास, क्रिकेट के जुनून के आगे भीषण गर्मी भी पड़ी फीकी

न्यू चंडीगढ़, 8 जून: टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को इकलौते टेस्ट में एक पारी और 300 रन से हरा दिया, इसी के साथ टीम इंडिया की ये टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ी जीत रही। टीम की इस जीत में डेब्यू करने वाले मानव सुथार की तरफ से लाजवाब प्रदर्शन देखने को मिला। मानव सुथार ने पहली पारी में 6 विकेट और दूसरी पारी में 1 विकेट समेत कुल 7 विकेट लिए। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविन्द्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम अफगानिस्तान पर पूरी तरह से हावी नजर आई।

दोनों ही पारियों में फ्लॉप रही अफगानिस्तान टीम

पहली पारी में बैटिंग के लिए उतरी अफगानिस्तान 152 रन पर ऑलआउट हो गई, टीम के लिए रहमत शाह ने 60 रनों की पारी खेली, इसके अलावा बाकी सभी बल्लेबाज फ्लॉप रहे। इस पारी में भारत के लिए मानव सुथार ने सबसे ज्यादा 6 विकेट लिए, इसके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा को 3 विकेट और वाशिंगटन सुंदर को 1 विकेट मिला।

पहली पारी में जल्दी ऑलआउट होने के बाद टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को फॉलोऑन के तहत दूसरी पारी में बैटिंग के लिए आमंत्रित किया, भारत के पास 412 रनों की लीड मौजूद थी। इस बार अफगान टीम सिर्फ 112 रन पर ही सिमट गई। टीम के लिए ओपनर सिद्दीकुल्लाह अटल ने 42 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली। भारत के लिए इस पारी में वाशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए, जबकि कुलदीप यादव ने 3 विकेट, मोहम्मद सिराज ने 1 विकेट और मानव सुधार ने 1 विकेट लिया, इस तरह टीम इंडिया ने टेस्ट में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।

टेस्ट में भारत के लिए सबसे बड़ी पारी से जीत

- अफगानिस्तान के खिलाफ एक पारी और 300 रन, मुल्लनपुर, 2026*

- वेस्टइंडीज के खिलाफ एक पारी और 272 रन, राजकोट, 2018

- अफगानिस्तान के खिलाफ एक पारी और 262 रन, बेंगलुरु, 2018

- बांग्लादेश के खिलाफ एक पारी और 239 रन, मीरपुर, 2007

- श्रीलंका के खिलाफ एक पारी और 239 रन, नागपुर, 2017

3 दिन तक चले टेस्ट मैच में दूर-दराज से दराज से पहुंचे दर्शक

देश में क्रिकेट को लेकर लोगों में कितनी दीवानियत है, जिसकी एक बानगी भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में देखने को मिली। न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में  पीसीए की तैयारियों का सिला ये रहा कि 3 दिन तक चले टेस्ट मैच में दूर-दराज से दराज से पहुंचे दर्शकों ने तपती गर्मी में मैच का लुत्फ उठाया और अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर क्रिकेट के प्रति अपने प्रेम का परिचय दिया।

मुल्लांपुर में हुए पहले इंटरनेशनल टेस्ट मैच का दर्शकों ने लिया भरपूर मज़ा

दर्शकों की ये मौजूदगी इस बात का प्रमाण रहा कि भारत के 31वें टेस्ट मेजबान स्थल के रूप में न्यू चंडीगढ़ की शुरुआत को क्रिकेट प्रेमियों का भरपूर समर्थन मिला। तपती धूप के बावजूद दर्शकों ने स्टैंड्स में बैठकर मुल्लांपुर में हुए पहले इंटरनेशनल टेस्ट क्रिकेट का भरपूर आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

जब पारंपरिक घंटी बजाकर हुई थी मैच की शुरुआत

इससे पहले, मैच की शुरुआत पीसीए के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर द्वारा पारंपरिक घंटी बजाकर की गई, जिससे खेल का औपचारिक आगाज़ हुआ। वहीं, मैदान के बाहर भी एक भावुक और प्रेरणादायक पल देखने को मिला, जब मीत हेयर ने अफगानिस्तान से विशेष रूप से अपनी टीम का समर्थन करने पहुंचे क्रिकेट प्रेमी ख्याल मोहम्मद का पीसीए कार्यालय में सम्मान किया। इस मौके पर मीत हेयर ने कहा कि ऐसा जुनून और समर्पण ही क्रिकेट को सीमाओं से परे लोगों को जोड़ने वाली खेल भावना का प्रतीक बनाता है। ऐतिहासिक उपलब्धियों और मानवीय भावनाओं से जुड़े इन क्षणों के बीच न्यू चंडीगढ़ में हुए इस टेस्ट मैच ने एक बार फिर साबित कर दिया कि टेस्ट क्रिकेट आज भी दर्शकों की पहली पसंद है और लोगों के दिलों में विशेष जगह रखता है।

Latest News

PTC NETWORK
© 2026 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network