Monday 3rd of August 2026

इंतजार की घड़ियां हुई खत्म, शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग का हुआ शुभारंभ, शुभमन गिल समेत कई स्टार क्रिकेटर्स का दिखेगा जलवा

Reported by: Atul Verma  |  Edited by: Atul Verma  |  August 03rd 2026 08:36 PM  |  Updated: August 03rd 2026 08:39 PM

इंतजार की घड़ियां हुई खत्म, शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग का हुआ शुभारंभ, शुभमन गिल समेत कई स्टार क्रिकेटर्स का दिखेगा जलवा

न्यू चंडीगढ़, 3 अगस्त (ब्यूरो) : पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 'शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग' का औपचारिक शुभारंभ किया गया, ये टूर्नामेंट 30 अगस्त से 13 सितंबर तक खेला जाएगा, जिसमें पंजाब के कई नामी क्रिकेट खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा, गुरनूर बराड़, प्रभसिमरन सिंह और रमनदीप सिंह शामिल हैं। लीग के शुभारंभ की घोषणा पीसीए के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर और अध्यक्ष अमरजीत सिंह महिता ने की। इस मौके पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल और अर्शदीप सिंह भी उपस्थित रहे।

27 हाई-वोल्टेज मुकाबलों में आमने-सामने होंगी 6 धाकड़ टीमें

इस लीग में कुल 6 टीमें 27 हाई-वोल्टेज मुकाबलों में आमने-सामने होंगी। ये टूर्नामेंट राउंड-रॉबिन प्रारूप में खेला जाएगा। हर फ्रेंचाइजी के पास एक मार्की खिलाड़ी और कम से कम 2 आइकन खिलाड़ी होंगे, जिससे अंतर्राष्ट्रीय सितारों, स्थानीय खिलाड़ियों और पंजाब की उभरती प्रतिभाओं का बेहतरीन समन्वय देखने को मिलेगा। इस मौके पर टूर्नामेंट का आधिकारिक लोगो भी जारी किया गया।

युवा क्रिकेटर्स के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच है ये लीग- शुभमन गिल

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग युवा क्रिकेटरों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और पंजाब तथा भारत के लिए खेलने की दिशा में आगे बढ़ने का एक शानदार मंच है। पंजाब ने हमेशा बेहतरीन क्रिकेटरों को जन्म दिया है और मुझे विश्वास है कि ये लीग ऐसे और भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करने में मदद करेगी। मैं इस शानदार पहल के लिए पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन को बधाई देता हूं और लीग की बड़ी सफलता की कामना करता हूं।"

"देश के प्रमुख घरेलू टी-20 टूर्नामेंट में से एक बनकर उभरेगी ये टी-20 लीग"

पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा, "पंजाब हमेशा से भारतीय क्रिकेट में सबसे बड़ा योगदान देने वाले राज्यों में रहा है। लाला अमरनाथ से लेकर युवराज सिंह जैसे महान खिलाड़ियों और अब शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह तथा हरमनप्रीत कौर जैसे खिलाड़ियों तक, राज्य ने लगातार विश्वस्तरीय क्रिकेटर दिए हैं। पंजाब में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। इसी कारण हमें विश्वास है कि शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग देश के प्रमुख घरेलू टी-20 टूर्नामेंट में से एक बनकर उभरेगी।"

"अपने क्रिकेट सफर में आगे बढ़ने का अवसर देगी शेर-ए-पंजाब लीग"

पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत महिता ने कहा, "शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग हमारे राज्य के युवा क्रिकेटरों के लिए एक बेहतरीन मंच है और ये लीग उभरते खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय सितारों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने, बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने और अपने क्रिकेट सफर में आगे बढ़ने का अवसर देगी। हम सभी खिलाड़ियों, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन और इससे जुड़े हर व्यक्ति का धन्यवाद करते हैं। हमें पूरा विश्वास है कि शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग न केवल एक सफल पहल साबित होगी, बल्कि पंजाब क्रिकेट के भविष्य को संवारने और उसे और अधिक मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।" 

9 अगस्त को आयोजित होगी शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग की नीलामी

शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग की नीलामी 9 अगस्त को आयोजित होगी, जिसमें अमृतसर, फाजिल्का, जालंधर, लुधियाना, मोहाली और बठिंडा की छह फ्रेंचाइजी अपनी-अपनी टीमों का चयन करेंगी। प्रत्येक फ्रेंचाइजी खिलाड़ियों पर कुल 45 लाख रुपये तक खर्च कर सकेगी और अधिकतम 20 खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल कर सकेगी। मार्की खिलाड़ी की कीमत 10 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जबकि आइकन खिलाड़ी की बेस कीमत 1.50 लाख रुपये रखी गई है। इसके अलावा पंजाब के प्रथम श्रेणी, अंडर-23, अंडर-19 तथा जिला स्तर के खिलाड़ियों के लिए भी अलग-अलग बेस कीमत निर्धारित की गई हैं।

वहीं, इस मौके पर पीसीए के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर, अध्यक्ष अमरजीत महिता, उपाध्यक्ष दीपक बाली, कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता और संयुक्त सचिव सिद्धांत शर्मा ने फ्रेंचाइजी मालिकों और क्रिकेटर्स का सम्मान भी किया।

Latest News

PTC NETWORK
© 2026 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network