देहरादून, उत्तराखंड, 14 फरवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा परीक्षाओं में नकल पर प्रभावी रोक लगाए जाने के संबंध में दिए गए स्पष्ट निर्देशों के तहत कार्रवाई हुई है। उत्तराखंड एसटीएफ ने नकल गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया है।
SSC मल्टी-टास्किंग भर्ती परीक्षा में हाईटेक नकल गिरोह का पर्दाफाश
उत्तराखंड STF और यूपी STF की संयुक्त कार्रवाई में देहरादून के महादेव डिजिटल जोन (परीक्षा केंद्र) में छापा मारा गया। जांच के दौरान वहां यूपीएस रूम में एक खुफिया भूमिगत चैंबर पाया गया, जहां छिपाकर रखे गए लैपटॉप और राऊटर के माध्यम से रिमोट एक्सेस लेकर अभ्यर्थियों के प्रश्न पत्र हल किए जा रहे थे।
पुलिस पूछताछ में गिरोह को लेकर हुए कई खुलासे
पूछताछ में सामने आया कि ये गिरोह अभ्यर्थियों को पास करवाने की एवज में 10-10 लाख रुपये की मांग करता था। पुलिस ने मौके से दो अभियुक्तों, नीतिश कुमार और भास्कर नैथानी को गिरफ्तार किया है और परीक्षा केंद्र को सील कर दिया है। आरोपियों के विरुद्ध उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम-2023 और अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।