Wednesday 2nd of April 2025

लखनऊ: BBD यूनिवर्सिटी की छात्रा की हत्या, दारू पार्टी के दौरान मारी गोली, हिरासत में आरोपी

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Shagun Kochhar  |  September 21st 2023 03:11 PM  |  Updated: September 21st 2023 03:11 PM

लखनऊ: BBD यूनिवर्सिटी की छात्रा की हत्या, दारू पार्टी के दौरान मारी गोली, हिरासत में आरोपी

लखनऊ / जय कृष्ण: लखनऊ में BBD यूनिवर्सिटी की 23 वर्षीय छात्रा निष्ठा त्रिपाठी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चिनहट के दयाल रेजीडेंसी के एक मकान में छात्रा अपने दोस्त से मिलने गई थी,  इसी दौरान दारू पार्टी के बाद छात्रा को संदिग्ध हालात में गोली चली। गंभीर हालत में निष्ठा को उसके दोस्त लोहिया अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने निष्ठा को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस पहुंची। घटना की जानकारी पर हरदोई से पहुंचे पिता ने चिनहट थाने में दोस्त आदित्य पाठक पर हत्या का आरोप लगाते मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी आदित्य को गिरफ्तार कर लिया है। पिता के मुताबिक निष्ठा की आदित्य से दोस्ती इंस्टाग्राम पर हुई थी। इसके बाद से आदित्य लगातार उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। उन्होंने निष्ठा से कहा था - आदित्य से दूर रहे। लेकिन बेटी नहीं मानी।

हरदोई सदर कोतवाली निवासी यूपी सहकारी ग्राम विकास बैंक के सीनियर मैनेजर संतोष तिवारी की बेटी निष्ठा (23) की मौत हुई है। पुलिस के मुताबिक, BBD हॉस्टल छोड़कर दो महीने पहले ही निष्ठा पारस नाथ सिटी में किराए पर रहने लगी थी। बुधवार रात निष्ठा कॉलेज में गणेश उत्सव से अपने दोस्त आदित्य पाठक के दयाल रेजीडेंसी स्थित कमरे पर पहुंची। जहां पर दोस्तों के साथ पार्टी चल रही थी। इसी दौरान गोली लगने से उसकी मौत हो गई।

पुलिस जांच में सामने आया है, कि छात्रा को जिस फ्लैट में गोली लगी, वह पुलिसकर्मी हिमांशु श्रीवास्तव का है। जिसमें आदित्य पाठक किराए पर रहता है। किचन में खाने के सामान और दारू की बोतलें मिली हैं। जिससे लग रहा है कि यहां पर पार्टी हुई थी। इसी दौरान किसी बात पर विवाद या धोखे से गोली चलने से युवती की मौत हो गई। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं।

छात्रा के पिता संतोष तिवारी का कहना है कि उनकी बेटी को धोखे से गोली नहीं लगी, उसकी हत्या हुई है। पढ़ने वाले बच्चों के पास पिस्टल कैसे पहुंची। इससे साफ है कि वह क्रिमिनल माइंड है, जिन्होंने मेरी बेटी को किसी गलत इरादे से मार डाला। पुलिस को इसकी गहनता से जांच करनी चाहिए।

एडीसीपी पूर्वी अली अब्बास ने बताया कि छात्रा की गोली लगने से मौत हुई है। छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी आदित्य पाठक के खिलाफ हत्या की FIR दर्ज की गई है। आरोपी आदित्य से पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारणों के बारे में जानकारी की जा रही है। सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना में प्रयोग किया गया असलहा अवैध है।

Latest News

PTC NETWORK
© 2025 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network