Mon, May 06, 2024

लखनऊ में किसान की ईंट से कुचल कर हत्या, घर से कुछ दूरी पर मिला शव

By  Shagun Kochhar -- August 12th 2023 11:39 AM
लखनऊ में किसान की ईंट से कुचल कर हत्या, घर से कुछ दूरी पर मिला शव

लखनऊ में किसान की ईंट से कुचल कर हत्या, घर से कुछ दूरी पर मिला शव (Photo Credit: File)

लखनऊ: जिले के निगोहां थाना क्षेत्र के पुरहिया गांव में देर रात अधेड़ उम्र के व्यक्ति की हत्या कर दी गई। युवक अपने घर के बाहर सो रहा था। मृतक का शव घर से कुछ दूरी पर बरामद हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। 


घर से कुछ दूरी पर मिला शव

घटना शनिवार सुबह की है। निगोहां थाना क्षेत्र के पुरहिया गांव में 45 वर्षीय मृतक सुंदर अपने घर के बाहर सो रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने ईंटों और रॉड से कूच कर निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर से करीब सौ मीटर खेत में फेंक कर फरार हो गए। 


15 सालों से अपनी बहन के घर रह रहा था मृतक

जानकारी के मुताबिक, मृतक सुंदर करीब पंद्रह सालों से अपनी बहन के घर पर ही रह रहे थे। परिवार के सभी सदस्य घर की छत पर सोए हुए थे, और सुंदर हमेशा की तरह घर के बाहर सोए थे। देर रात जब घर के बाहर कुछ आवाजें आई तो मृतक की बहन छत से नीचे आई। उस दौरान घर के अंदर से लॉक खुला हुआ था। सुंदर के बिस्तर पर खून की छींटे थे, और वह गायब थे। जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को जानकारी दी गई। कुछ देर बाद परिजनों ने सुंदर को घर से कुछ दूरी पर खेत से घायल अवस्था में बरामद किया। जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी मोहनलालगंज लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।


हत्या का मुकदमा दर्ज

डीसीपी साउथ विनीत जायसवाल ने बताया कि देर रात पुलिस को सूचना मिली थी। जिसके बाद निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की बहन की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। मौके पर फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द घटना का अनावरण किया जाएगा।

  • Share

ताजा खबरें

वीडियो