Friday 11th of April 2025

लखनऊ: पूर्व विधायक बृजेश प्रजापति की गुंडई, ससुराल में मचाया तांडव, पत्नी और बच्चों पर कार चढ़ाने की कोशिश!

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Shagun Kochhar  |  August 20th 2023 12:13 PM  |  Updated: August 20th 2023 12:13 PM

लखनऊ: पूर्व विधायक बृजेश प्रजापति की गुंडई, ससुराल में मचाया तांडव, पत्नी और बच्चों पर कार चढ़ाने की कोशिश!

लखनऊ/ जय कृष्ण: यूपी के बांदा की तिंदवारी विधानसभा से पूर्व विधायक बृजेश प्रजापति ने शुक्रवार देर रात पीजीआई थाना क्षेत्र में स्थित ससुराल पहुंचकर उपद्रव किया। पूर्व विधायक बृजेश प्रजापति ने कार से गेट में टक्कर मारते हुए पत्नी को कुचलना का प्रयास किया। विरोध पर उग्र होकर पत्नी को बुरी तरह पीटा। जिसके बाद पूर्व विधायक बृजेश प्रजापति की पत्नी शालिनी ने पुलिस को सूचना दी। आरोपी ने मौके पर पहुंची पुलिस से भी अभद्रता की।

घटना लखनऊ के पीजीआई कोतवाली क्षेत्र के वृंदावन इलाके की है। पीजीआई इलाके की निवासिनी शालिनी प्रजापति का विवाह 2013 में बांदा जिले के तिंदवारी विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक रहे बृजेश प्रजापति के साथ हुआ था। वर्तमान में वह समाजवादी पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं। शालिनी प्रजापति के मुताबिक आरोपी विधायक शराब के नशे का आदी है। वह कई बार मारपीट कर चुका है। करीब चार सालों से वह प्रताड़ित कर रहा है। अपने पति की हरकतों से तंग आकर शालिनी 15 अगस्त को अपने मायके चली आई थी। बावजूद इसके पूर्व विधायक बृजेश प्रजापति ने पीछा नहीं छोड़ा। वह किसी न किसी बहाने से ससुराल में भी आकर मारपीट करता है।

शालिनी ने बताया कि शुक्रवार देर रात वह बच्चों और अन्य सदस्यों के साथ घर के अंदर थी। तभी गेट पर कुछ टकराने की आवाज सुनाई दी। बाहर निकल कर देखा तो बृजेश अपनी इनोवा गाड़ी से गेट में ठोकर मार रहा था। जिसके बाद उसने घर में घुस कर मारपीट की। बीच बचाव करने आए अन्य सदस्यों को भी पीटा। वह घर में घुसने का प्रयास कर रहा था। रोकने पर उसने घर के दरवाजे में कई बार ठोकर मारी। जिससे दरवाजे के नीचे का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। बच्चों और घर के अन्य सदस्यों को भी गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया।

पूर्व विधायक बृजेश प्रजापति से बचने के लिए शालिनी ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया था। जिसके बाद दो सिपाही मौके पर पहुंचे। सिपाहियों ने जब पूर्व विधायक बृजेश प्रजापति से थाने चलने को कहा तो पुलिस कर्मियों से भी भिड़ गया। जिसके बाद पीजीआई थाने की पुलिस बृजेश को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। बृजेश की पत्नी शालिनी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

Latest News

PTC NETWORK
© 2025 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network