Wednesday 19th of March 2025

प्रदेश में फिर शुरु होगा बारिश का दौर, 30KM की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं, IMD का अलर्ट जारी

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Md Saif  |  March 19th 2025 01:20 PM  |  Updated: March 19th 2025 01:20 PM

प्रदेश में फिर शुरु होगा बारिश का दौर, 30KM की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं, IMD का अलर्ट जारी

ब्यूरो: UP weather: उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटे बाद फिर बारिश का अलर्ट जारी किया है। बुधवार को 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। 13 मार्च से प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश और ओलावृष्टि ने प्रदेश के तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की है, जिससे सुबह और शाम को ठंड का एहसास हो रहा है।

 

पिछले 24 घंटे में संत कबीर नगर और सुल्तानपुर में बारिश हुई है। अयोध्या सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नजीराबाद का तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यूपी के मौसम में बदलाव जारी है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर, अब सताएगी गर्मी। वाराणसी में बीएचयू के मौसम विज्ञानी मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर मंगलवार दोपहर को खत्म हो गया। बुधवार से 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलेंगी। गुरुवार को फिर मौसम में बदलाव होगा। इससे यूपी के कई जिलों में हल्की बारिश होगी। तेज हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आएगी।

25 मार्च के बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। कुछ स्थानों पर तापमान 40 डिग्री को पार करने का अनुमान है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवा के कारण मौसम एक बार फिर बदलेगा। उन्होंने कहा कि 20 और 21 मार्च को पूर्वी और पश्चिमी जिलों में बारिश की संभावना है। आज हवा की गति 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की उम्मीद है।

 

मौसम के उतार-चढ़ाव ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी जिलों में अगर इसी तरह अत्यधिक बारिश होती रही, तो दलहनी और तिलहनी फसलों के लिए यह चुनौतीपूर्ण होगा। साथ ही, गेहूं की फसल पकने को है। खेतों में मेथी, सरसों, अलसी, मटर, चना, धनिया समेत अन्य फसलें पककर तैयार हो चुकी हैं। ऐसे में बेमौसम बारिश से फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचने की आशंका है।

Latest News

PTC NETWORK
© 2025 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network