ब्यूरो: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना में यमुना नदी में डूबने से एक ही परिवार की चार नाबालिग लड़कियों की मौत हो गई। यह दुखद हादसा सिकंदरा थाना क्षेत्र के स्वामी नगला गांव के निकट हुआ, जहां गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने गई छह लड़कियां अचानक गहरे पानी में चली गईं। नहाने से पहले इन लड़कियों ने मोबाइल पर रील भी बनाई थी। बताया जाता है कि नदी में उतरते समय वे आगे बढ़ीं और अनजाने में एक गड्ढे में फंस गईं, जिसके कारण सभी डूबने लगीं। इस हादसे में चार लड़कियों की जान चली गई, जबकि दो अन्य को गंभीर हालत में आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मृतक लड़कियों की उम्र 10 से 18 वर्ष के बीच थी। ये सभी स्वामी नगला की निवासी थीं, जिनमें से दो अपने रिश्तेदारों से मिलने रामी नगला आई थीं। सभी एक ही परिवार से थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लड़कियों को नदी की गहराई का सही अंदाजा नहीं था, जिसके चलते वे एक-एक कर डूब गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। सिकंदरा थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी को नदी से निकाला गया, लेकिन तब तक चार लड़कियों की मौत हो चुकी थी।
गांव में शोक की लहर:
इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, और परिजनों का गम में बुरा हाल है। आगरा के जिलाधिकारी अरविंद बल्लप्पा बंगारी ने बताया कि प्रत्येक मृतक के परिवार को राहत कोष से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, और प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है।
सीएम ने दिया प्रशासन को निर्देश:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफार्म पर लिखा कि जनपद आगरा में नदी में डूबने से हुई जनहानि अत्यंत हृदयविदारक और पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों को त्वरित एवं समुचित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं।