ब्यूरो: Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक नवविवाहित जोड़े के बीच ऑनलाइन खाना मंगाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बात तलाक तक आ गई। पत्नी को बाहर का खाना पसंद था, लेकिन पति रोज ऑर्डर करने के पक्ष में नहीं था। यह बहस धीरे-धीरे झगड़े में बदल गई और फिर दोनों अलग हो गए।
बात मारपीट तक आई
साल 2024 में दोनों की शादी हुई थी और शुरुआती कुछ महीने अच्छे रहे। लेकिन जब पति ने एक बार ऑनलाइन खाना मंगवाया तो पत्नी को इसका स्वाद भा गया। इसके बाद वह रोज ऑनलाइन खाना मंगाने की जिद करने लगी। इस वजह से दोनों के बीच विवाद होने लगा। पति ने पत्नी को समझाया कि रोज-रोज बाहर का खाना खाने से सेहत पर खराब असर पड़ सकता है और घर का खाना अच्छा होता है, लेकिन पत्नी को यह बात बिल्कुल पसंद नहीं आई। फिर धीरे-धीरे विवाद बढ़ता गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट तक की नौबत आ गई। पत्नी गुस्से में मायके चली गई।
पत्नी ने पुलिस में कराई शिकायत
पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला परिवार परामर्श केंद्र में भेज दिया गया। पत्नी ने वहां बताया कि ऐसा कुछ नहीं है, बल्कि पति ने जबरन ऑनलाइन खाना मंगवाया था। एक दिन वह बीमार थी, तब उसने बाहर से खाना मंगवाने की बात कही थी। लेकिन पति ने इस बात को लेकर विवाद खड़ा कर दिया। दिसंबर से ही पत्नी मायके में रह रही थी क्योंकि उसे लगा कि उसका पति उसे समझ नहीं पा रहा है।
परामर्श केंद्र में काउंसलर ने दोनों को समझौते का सुझाव दिया। अब फिर से वे साथ रहेंगे और आपसी तालमेल बैठाकर आगे बढ़ेंगे।