Saturday 22nd of February 2025

आगामी त्योहारों से पहले CM योगी का अधिकारियों को निर्देश, बोले- 'होली-रमजान का आयोजन शांतिपूर्ण हो'

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Md Saif  |  February 21st 2025 12:09 PM  |  Updated: February 21st 2025 12:09 PM

आगामी त्योहारों से पहले CM योगी का अधिकारियों को निर्देश, बोले- 'होली-रमजान का आयोजन शांतिपूर्ण हो'

ब्यूरो: UP NEWS: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली और अन्य त्योहारों को देखते हुए सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी धर्म के लोगों की आस्था का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन अराजकता को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदेश सरकार की तरफ से जारी किए गए एक बयान के मुताबिक, सीएम योगी ने आगामी दिनों में होली, रमजान, नवरोज, चैत्र नवरात्र, राम नवमी आदि महत्वपूर्ण त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन के संबंध में शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों और जिले, रेंज, जोन और मंडल स्तर पर तैनात वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा, "वर्तमान समय में हम सभी प्रयागराज महाकुंभ के विशेष आयोजन से जुड़े हुए हैं, जिसका समापन आगामी 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर होना है। इसी तरह, चंद्र दर्शन के आधार पर 01/02 मार्च से रमजान माह प्रारंभ हो रहा है, फिर 13 को होलिका दहन और 14 मार्च को होलिकोत्सव मनाया जाएगा। इसी प्रकार मार्च में ही नवरोज, चैत्र नवरात्रि, राम नवमी और 30/31 मार्च को ईद-उल-फितर जैसे अनेक महत्वपूर्ण पर्व-त्योहार मनाए जाएंगे। अनेक स्थानों पर शोभायात्राओं का आयोजन होगा, मेले आदि लगेंगे। उल्लास और उमंग के इस विशेष पर्व के कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत यह समय संवेदनशील है। 4 मार्च को शुक्रवार का दिन है। अतः हमें विशेष सतर्कता-सावधानी रखनी होगी। विगत 08 वर्षों में प्रदेश में सभी धर्म-सम्प्रदाय के पर्व-त्योहारों के आयोजन शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में हुए हैं। इस क्रम को आगे भी बनाए रखना होगा।"

सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित करते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और पुलिस बल पैदल गश्त जरूर करे, साथ ही सोशल मीडिया को लेकर सतर्क रहें।

Latest News

PTC NETWORK
© 2025 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network