Thursday 22nd of January 2026

राम मंदिर में प्रतिष्ठा द्वादशी महोत्सव, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे शिरकत

Reported by: Gyanendra Shukla  |  Edited by: Atul Verma  |  December 30th 2025 08:52 PM  |  Updated: December 30th 2025 08:52 PM

राम मंदिर में प्रतिष्ठा द्वादशी महोत्सव, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे शिरकत

अयोध्या, 30 दिसंबर। रामनगरी अयोध्या भक्ति, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास से सराबोर है। भगवान श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ प्रतिष्ठा द्वादशी के मौके पर राम मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा 27 दिसंबर से शुरू हुए 5 दिवसीय महोत्सव का मुख्य समारोह कल होना है, जिसमें देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस ऐतिहासिक आयोजन में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। 

पौष शुक्ल द्वादशी तिथि पर संपन्न हुई थी प्राण प्रतिष्ठा

प्राण प्रतिष्ठा मूल रूप से 22 जनवरी 2024 को पौष शुक्ल द्वादशी तिथि पर संपन्न हुई थी, जिसे हिंदू पंचांग के अनुसार प्रतिष्ठा द्वादशी के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष ये तिथि 31 दिसंबर यानि कल पड़ रही है। ट्रस्ट के अनुसार, अनुष्ठान जगद्गुरु मध्वाचार्य की देखरेख में संपन्न हो रहे हैं। राम मंदिर परिसर में रामचरितमानस के संगीतमय पाठ, रामकथा प्रवचन, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झड़ी लगी हुई है। अंगद टीला पर भव्य पंडाल बनाए गए हैं।

मां अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे रक्षा मंत्री

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल बुधवार सुबह करीब 11 बजे अयोध्या पहुंचेंगे। वो राम मंदिर परिसर में रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे और मां अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद वो राम मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में सक्रिय रूप से हिस्सा लेंगे, जिनमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। अयोध्या एयरपोर्ट पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।

रामनगरी में चारों ओर जय श्रीराम के उद्घोष

रामनगरी में चारों ओर जय श्रीराम के उद्घोष गूंज रहे हैं। लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यह उत्सव न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि राम मंदिर के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक जागरण को भी रेखांकित करता है।दोनों नेता अंगद टीला पर जनता को संबोधित भी करेंगे।

Latest News

PTC NETWORK
© 2026 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network