ब्यूरो: UP News: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री ने मनोरंजन की दुनिया में एक अलग पहचान बनाई है। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री ने दर्शकों के दिलों को तो जीता ही है, साथ ही कई ऐसे कलाकारों को मौका दिया है जिन्होंने अपने असली नामों को पीछे छोड़कर नई पहचान बनाई। इसलिए आप जानिए भोजपुरी के कुछ टॉप सितारों के असली नाम और उनकी कहानियां, जिन्होंने नाम बदलकर भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी छाप छोड़ी है।
भोजपुरी सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में से एक रवि किशन हैं, जिनका असली नाम रविंद्रनाथ शुक्ला है। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से नाता रखने वाले रवि ने भोजपुरी फिल्मों के साथ-साथ बॉलीवुड और साउथ में भी अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया। अपने देसी अंदाज और दमदार अभिनय से उन्होंने रविंद्रनाथ शुक्ला को रवि किशन बना दिया और वे आज फिल्म इंडस्ट्री के साथ राजनीति के भी बड़े नाम हैं।
भोजपुरी की क्वीन कही जाने वाली रानी चटर्जी का असली नाम साबिहा शेख है। मुस्लिम परिवार से आने वाली रानी ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ससुरा बड़ा पैसावाला से की थी, जिसके बाद वे स्टार बन गईं। साबिहा से रानी बनने की उनकी यह यात्रा मेहनत और टैलेंट का शानदार उदाहरण है। आज वे भोजपुरी सिनेमा की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक हैं।
मोनालिसा नाम से मशहूर एक्ट्रेस का असली नाम अंतरा बिस्वास है। बंगाली मूल की मोनालिसा ने भोजपुरी फिल्मों में अपने ग्लैमर और एक्टिंग से तहलका मचा दिया। बिग बॉस और टीवी शोज में भी अपनी पहचान बनाने वाली मोनालिसा ने अंतरा बिस्वास को पीछे छोड़कर एक नया मुकाम हासिल किया। मोनालिसा की बोल्ड और खूबसूरत अदाएं उन्हें फैंस के बीच खास बनाती हैं।
भोजपुरी के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव का असली नाम शत्रुघ्न कुमार यादव है। बिहार के रहने वाले खेसारी ने अपने गायन और एक्टिंग से इंडस्ट्री में धूम मचाई। फिल्म साजन चले ससुराल से फेमस हुए खेसारी लाल यादव आज भोजपुरी सिनेमा के सबसे बड़े चेहरों में एक हैं।