Sunday 23rd of February 2025

महाकुंभ यात्रियों की बोलेरो-बस की टक्कर, 10 श्रद्धालुओं की मौत 19 घायल; राष्ट्रपति और CM योगी ने जताया शोक

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Md Saif  |  February 15th 2025 11:19 AM  |  Updated: February 15th 2025 11:19 AM

महाकुंभ यात्रियों की बोलेरो-बस की टक्कर, 10 श्रद्धालुओं की मौत 19 घायल; राष्ट्रपति और CM योगी ने जताया शोक

ब्यूरो: Road Accident: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें बोलेरो और बस की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 श्रद्धालु घायल हो गए। प्रयागराज में महाकुंभ जा रहे छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं की बोलेरो हादसे का शिकार हो गई।

कोरबा जिले से श्रद्धालु संगम स्नान करने के लिए जा रहे थे। हादसा प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर मेजा इलाके में रात ढाई बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा टूट गया। पूरी बोलेरो पिचक गई। सभी मृतक बोलेरो में सवार थे। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सभी मृतक छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रहने वाले थे। बोलेरो सवार सभी 10 श्रद्धालु संगम स्नान के लिए मेला क्षेत्र में जा रहे थे। हादसे में बस में सवार 19 श्रद्धालु भी जख्मी हुए हैं, जो संगम स्नान के बाद वाराणसी जा रहे थे। सभी घायलों को सीएचसी रामनगर में भर्ती कराया गया है। बस में सवार सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के रहने वाले हैं।

 

कैसे हुआ हादसा?

डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि छत्तीसगढ़ से श्रद्धालु महाकुंभ में शामिल होने आ रहे थे। रास्ते में उनकी बोलेरो बस से टकरा गई। यह दर्दनाक हादसा प्रयागराज के थाना मेजा क्षेत्र में रात 12 बजे हुआ। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए स्वरूप रानी मेडिकल अस्पताल भेज दिया है और जांच जारी है। हादसे की सही वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

  

राष्ट्रपति और सीएम योगी ने जताया शोक

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने जनहानि पर संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी शोक व्यक्त किया। राष्ट्रपति ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मिर्जापुर हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मृतकों के परिवारजनों के प्रति मैं शोक संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

Latest News

PTC NETWORK
© 2025 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network