ब्यूरो: Sambhal: संभल के सीओ अनुज चौधरी अक्सर चर्चा में रहते हैं। सीओ अनुज चौधरी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। संभल के चर्चित और दबंग सीओ अनुज चौधरी का ट्रांसफर कर दिया गया है। अनुज चौधरी को संभल जिले के चंदौसी भेजा गया है। अब वह चंदौसी सर्किल के सीओ हैं। सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक भाटी को अब संभल सीओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आपको बता दें कि अनुज चौधरी संभल में हुई हिंसा और होली-जुम्मे को लेकर चर्चा में रहे थे। उनके कई बयान गरमागरम राजनीतिक बहस का विषय भी रहे। दरअसल, इस बार जुम्मे की नमाज और होली एक ही दिन थी। इस पर अनुज चौधरी के बयान की खूब चर्चा हुई। अनुज चौधरी ने कहा था कि जुम्मे की नमाज साल में 52 बार होती है, जबकि होली एक बार होती है। अगर कोई होली के रंगों से बचना चाहता है तो उसे उस दिन घर पर ही रहना चाहिए।
अनुज चौधरी कौन हैं, जानिए?
अनुज चौधरी कभी पहलवान चैंपियन हुआ करते थे। वे अपने दृढ़ निश्चयी व्यवहार और ताकतवर शरीर के लिए जाने जाते हैं। वे मुजफ्फरनगर के बहेड़ी गांव में रहते हैं। भारत ने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में सफलता अनुज चौधरी की बदौलत हासिल की है। 2002 और 2010 में राष्ट्रीय खेलों में दो रजत पदक जीतने के अलावा वे 1997 से 2014 तक राष्ट्रीय चैंपियन भी रहे।
2005 से 2009 तक अनुज चौधरी ने एशियाई चैंपियनशिप में भी पदक जीते। इसके अलावा, अनुज ने 2004 में एथेंस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया और 2010 में नई दिल्ली में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता। इसके अलावा, अनुज को वीर अभिमन्यु, उत्तर प्रदेश केसरी, भारत कुमार और शेर-ए-हिंद जैसे प्रतिष्ठित खिताबों से भी सम्मानित किया जा चुका है।