ब्यूरो: Shahjahanpur: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक पिता ने अपने ही 4 बच्चों की हत्या कर दी और बच्चों को मारने के बाद खुद भी अपनी जान दे दी। जानकारी के मुताबिक, पिता ने इस हत्याकांड को पारिवारिक कलह के कारण अंजाम दिया है।
घटना के बाद से ही पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। मौके पर पुलिस के अधिकारी पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, फॉरेंसिक टीम भी मामले की जांच में जुट गई है। चारों बच्चों की उम्र 10 साल से कम थी। घटना के बाद से ही परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
ये हैरान कर देने वाला मामला शाहजहांपुर के थाना रोजा क्षेत्र के मानपुर चकरी गोटिया गांव से सामने आया है। गांव में रहने वाले 36 साल के राजीव धानुक ने जो कांड किया है, उससे सनसनी मच गई है। राजीव ने अपने ही चार बच्चों को मौत के घाट उतार दिया और फिर अपनी भी जान ले ली। मृतकों में 10 साल की लड़की, 8 साल की लड़की, 7 साल का लड़का और 5 साल का लड़का शामिल हैं। हत्याकांड के बाद राजीव खुद भी फंदे पर झूल गया। घटना के समय पत्नी मायके गई थी।
पूरे कमरे में खून बिखरा हुआ था। 3 बच्चियों और एक बेटे का शव चारपाई पर पड़ा था। सभी की गर्दन कटी हुई थी। पास में ही चापड़ रखा था। उसी कमरे में फंदे पर पिता का शव लटका हुआ था। फिलहाल, पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच में पुलिस जुट गई है। अभी तक पारिवारिक कलह की ही बात सामने आ रही है।
घटना के समय घर पर पिता और चार बच्चे ही थे। राजीव के पिता पृथ्वीराज के अनुसार, वह घर से थोड़ी दूर खेत में सोता था। गुरुवार सुबह करीब छह बजे वह घर पहुंचा तो गेट अंदर से बंद मिला। बार-बार आवाज लगाने पर भी गेट नहीं खुला। इसके बाद उसने पड़ोसियों को आवाज लगाई। दीवार फांदकर अंदर घुसा तो कमरे में खून ही खून फैला था। चारों बच्चे पालने में लेटे हुए थे और उनके शरीर खून से लथपथ थे। राजीव उस समय फंदे से लटका हुआ था। उसने बताया कि एक दिन पहले बहू मायके गई थी।
एक साल से है बेरोजगार, पत्नी से होता था झगड़ा
पड़ोसियों के अनुसार, राजीव और क्रांति की शादी चौदह साल पहले हुई थी। वह कभी मजदूरी करता था। हादसे के बाद उसकी मानसिक स्थिति खराब हो गई और वह पिछले एक साल से बेरोजगार था। पहले वह घर पर ही रहता था। पिता पृथ्वीराज के नाम चार बीघा जमीन पट्टे पर है। इसी से परिवार का खर्च चलता था। आर्थिक तंगी के चलते पत्नी से आए दिन झगड़ा होता था। बुधवार को भी झगड़ा होने के बाद पत्नी मायके चली गई थी।