ब्यूरो: Lucknow: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने 2025 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 24 फरवरी से 12 मार्च तक सफलतापूर्वक किया। दोनों कक्षाओं को मिलाकर इस साल 8,140 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 54,37,233 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं निर्धारित समय पर सुचारू रूप से संपन्न हुईं, और अब विद्यार्थियों की नजर परिणाम पर टिकी है।
परीक्षा के बाद, बोर्ड ने उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य तेजी से पूरा किया। 2 अप्रैल तक सभी कॉपियों की जांच प्रक्रिया समाप्त कर ली गई। इस बार मूल्यांकन में सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष ध्यान दिया गया। अब रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया जोर-शोर से शुरू हो चुकी है।
कब आएगा बोर्ड का रिजल्ट:
ताजा जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल से परिणाम संकलन का काम शुरू हो गया है। ऐसा अनुमान है कि रिजल्ट तैयार करने में करीब 15 दिन लग सकते हैं। इस आधार पर, अप्रैल के अंतिम सप्ताह में यूपी बोर्ड 2025 के परिणाम घोषित होने की संभावना है। छात्र-छात्राएं आधिकारिक वेबसाइट पर अपने नतीजे देख सकेंगे।
पिछले वर्ष ऐसा था रिजल्ट:
पिछले वर्ष के आंकड़े देखें तो 2024 में कक्षा 10वीं के लिए 29 लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 27 लाख ने परीक्षा दी और 89.55% उत्तीर्ण हुए। प्राची निगम ने हाईस्कूल में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, कक्षा 12वीं में 25 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए, जहां शुभम वर्मा ने 97.80% अंकों के साथ टॉप किया। इस बार भी विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।