Friday 21st of March 2025

मौसम की करवट, यूपी के 8 शहरों में बारिश के साथ गिरे ओले; बिजली गिरने से 3 की मौत

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Md Saif  |  March 20th 2025 07:00 PM  |  Updated: March 20th 2025 07:00 PM

मौसम की करवट, यूपी के 8 शहरों में बारिश के साथ गिरे ओले; बिजली गिरने से 3 की मौत

ब्यूरो: UP News: उत्तर प्रदेश में गुरुवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट बदली। वाराणसी, प्रयागराज और जौनपुर समेत आठ शहरों में तेज बारिश हुई। भदोही में बारिश के साथ ओले भी गिरे। गाजीपुर में बिजली गिरने से एक ही घर के तीन सदस्यों की मौत हो गई। प्रयागराज में एक बच्ची की मौत हो गई। सोनभद्र और मिर्जापुर समेत दस जिलों में बादल छाए हुए हैं। तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आज दस जिलों में बारिश का अलर्ट है।

 

बीएचयू के मौसम विज्ञानी मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि 22 मार्च तक ऐसे ही हालात बने रहने का अनुमान है। पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ बंगाल की खाड़ी से नमी और सर्द हवाओं ने मौसम में बदलाव किया है। बारिश से तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आ सकती है।

 

जानिए कहां हुई बारिश?

भदोही में सुबह आठ बजे से आधे घंटे तक बारिश हुई। ओले भी गिरे। तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

ललितपुर में सुबह से ही बादल छाए रहे। सुबह आठ बजे बारिश शुरू हो गई। बीस मिनट तक बारिश होती रही। आसमान में बादल छाए हुए हैं। हवाएं ठंडी हैं।

गाजीपुर में बूंदाबांदी के साथ-साथ खूब बिजली चमकी और गरज के साथ बारिश हुई। बारिश के बाद तेज हवाएं चल रही हैं। इससे तापमान में गिरावट आई है।

सुबह 11 बजे वाराणसी का मौसम बदला। फिर तेज बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक बारिश होती रही।

प्रयागराज में करीब पंद्रह मिनट तक बारिश हुई। इससे तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आई है।

गुरुवार सुबह से ही जौनपुर में आसमान बादलों से घिरा हुआ है। सुबह 8 बजे गरज के साथ बारिश हुई।

मिर्ज़ापुर शहर में दस मिनट तक हल्की बारिश हुई। हवाएं तेज़ थीं। बारिश की वजह से तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

बलिया में सुबह 8 बजे से ही बारिश हो रही है। हवाएं तेज़ चल रही हैं। इसकी वजह से कई बीघा फसलें गिर गई हैं।

 

अगले तीन दिनों में कैसा मौसम रहने की उम्मीद है?

20 मार्च: गरज के साथ बारिश होगी। 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

21 मार्च: गरज के साथ हल्की बारिश का अनुमान है। हवा की गति 30 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की उम्मीद है।

22 मार्च: पश्चिमी इलाकों में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। हवा की गति बीस किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी।

Latest News

PTC NETWORK
© 2025 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network