Tuesday 22nd of April 2025

विदेशी पर्यटकों को लुभाएगा उत्तर प्रदेश, दुबई से जर्मनी तक यूपी की सांस्कृतिक धरोहर का होगा भव्य प्रदर्शन

Reported by: Mangala Tiwari  |  Edited by: Mangala Tiwari  |  April 22nd 2025 05:33 PM  |  Updated: April 22nd 2025 05:33 PM

विदेशी पर्यटकों को लुभाएगा उत्तर प्रदेश, दुबई से जर्मनी तक यूपी की सांस्कृतिक धरोहर का होगा भव्य प्रदर्शन

Lucknow: उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए वैश्विक स्तर पर ट्रैवल मार्ट और एक्सपो के जरिए राज्य के पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना बनाई है। इसके तहत विशेष पवेलियन स्थापित कर प्रमुख पर्यटक सर्किट, स्थल और हस्तशिल्प को प्रदर्शित किया जाएगा। इस पहल का लक्ष्य राज्य में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाना और उन्हें उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत से परिचित कराना है। यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने साझा की।

उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत दुबई में 28 अप्रैल से 1 मई तक आयोजित अरेबियन ट्रैवल मार्ट (एटीएम) से होगी। इसके अलावा थाईलैंड, फ्रांस, जापान, सिंगापुर, ब्रिटेन, स्पेन, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी और रूस में होने वाले ट्रैवल मार्ट और एक्सपो के लिए भी संभावित तारीखें तय की गई हैं। विभाग का उद्देश्य इन अंतरराष्ट्रीय मंचों के माध्यम से उत्तर प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को दुनिया के सामने लाना है। इसके लिए विदेशी टूर ऑपरेटरों, ट्रैवल एजेंटों और निवेशकों को आमंत्रित किया जाएगा ताकि वे राज्य में पर्यटन और निवेश की संभावनाओं को समझ सकें। खास तौर पर अयोध्या, वाराणसी, मथुरा-वृंदावन, लखनऊ और विंध्याचल जैसे प्रमुख स्थलों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो विदेशी पर्यटकों के बीच लोकप्रिय हैं।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर किया जाएगा प्रदर्शित:

ट्रैवल मार्ट के जरिए उत्तर प्रदेश की हस्तकला, खानपान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और कारीगरी को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। हाल के वर्षों में विभिन्न देशों में आयोजित एक्सपो में उत्तर प्रदेश के पवेलियन ने भारी भीड़ आकर्षित की है। थीम आधारित पवेलियन में पर्यटक राज्य के विविध स्थलों से परिचित होते हैं। विभाग कम चर्चित स्थलों जैसे स्वामी नारायण मंदिर (गोंडा), इस्कॉन मंदिर (वृंदावन), रामकृष्ण मठ (लखनऊ), मीरजापुर, सोनभद्र, चंदौली, नैमिषारण्य, हस्तिनापुर (मेरठ), शुकतीर्थ (मुजफ्फरनगर), जैत (मथुरा) और भावत गांव (मैनपुरी) के साथ-साथ पर्यटन नीति-2022 को भी प्रमुखता से प्रदर्शित करेगा।

अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल मार्ट, एक्सपो के लिए तारीखें तय:

जयवीर सिंह ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल मार्ट और एक्सपो के लिए तारीखें तय की गई हैं। अरेबियन ट्रैवल मार्ट (दुबई) 28 अप्रैल से 1 मई 2025, थाईलैंड में 26-28 अगस्त 2025, फ्रांस में टॉप रेसा 23-25 सितंबर 2025, जापान में टूरिज्म एक्सपो 25-28 सितंबर 2025, सिंगापुर में आईटीबी एशिया 15-17 अक्टूबर 2025, लंदन में डब्ल्यूटीएम 4-6 नवंबर 2025, स्पेन में फितूर 21-25 जनवरी 2026, ऑस्ट्रेलिया में एटीएम मेलबर्न 9-11 फरवरी 2026, जर्मनी में आईटीबी बर्लिन 3-5 मार्च 2026 और रूस में डब्ल्यूटीटी 12-14 मार्च 2026 को आयोजित होंगे।

स्थानीय स्तर पर बढ़ेगा रोजगार: मंत्री

मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह पहल उत्तर प्रदेश को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। यह प्रयास राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा और पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा प्रदान करेगा।

Latest News

PTC NETWORK
© 2025 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network