Sunday 11th of January 2026

सीएम धामी ने भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से की शिष्टाचार भेंट

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Dishant Kumar  |  December 22nd 2025 09:16 AM  |  Updated: December 22nd 2025 09:16 AM

सीएम धामी ने भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से की शिष्टाचार भेंट

नई दिल्ली , उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार, को देश की राजधानी नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने नितिन नबीन को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जैसा महत्वपूर्ण दायित्व मिलने पर अपनी और उत्तराखंड की जनता की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि नितिन नबीन के ऊर्जावान नेतृत्व और व्यापक संगठनात्मक अनुभव से पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई मजबूती और गति मिलेगी।

मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठन की मजबूती और आगामी रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जिस तरह से देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, उसे धरातल पर उतारने में संगठन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भी इस भेंट की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि नितिन नबीन की संगठनात्मक दक्षता और कार्यक्षमता से न केवल पार्टी का आधार मजबूत होगा, बल्कि कार्यकर्ताओं में भी एक नई ऊर्जा का संचार होगा।

बता दें कि नितिन नबीन, जो बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे हैं और पांच बार के विधायक हैं, उन्हें हाल ही में भाजपा के संसदीय बोर्ड द्वारा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति को भाजपा में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है। भेंट के दौरान नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री धामी का आभार व्यक्त किया और देवभूमि उत्तराखंड के विकास व जनहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर भी संक्षिप्त विचार-विमर्श किया गया।

Latest News

PTC NETWORK
© 2026 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network