अलगीढ़, शादी और दुल्हन से लोगों का विश्वास ही उठ गया है। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि हालही में हुई एक घटना ने लोगों के दिलों में इसको लेकर डर पैदा कर दिया है। ऐसा डर की लोग दुल्हन के नाम से डरने लगे है।सोच कर तो हम भी हैरान रह गए, लेकिन क्या है ये पूरा मामला आप जानेंगे तो आपके भी पैरों तले जमीन खिसक जाएगी।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का है मामला
बता दें कि ये मामला उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से सामने आया है। जहां एक ऐसी चौंकाने वाली घटना सामने आई जिसने शादी की खुशियों को मातम और सदमे में बदल दिया। यह कहानी एक या दो नहीं, बल्कि एक साथ 12 परिवारों के साथ हुई एक वारदात या बड़ी ठगी की तरह है।
दरअसल, अलीगढ़ के कई युवकों ने बिचौलियों के माध्यम से कुछ दिन पहले ही इन युवतियों से शादी की थी। शादी के बदले में इन बिचौलियों को अच्छी-खासी रकम दी गई थी, क्योंकि ये दुल्हनें बिहार और झारखंड जैसे राज्यों से लाई गई थीं। शादी के बाद, इन सभी नई नवेली दुल्हनों ने अपने ससुराल में बड़े ही प्यार और सलीके से व्यवहार किया, जिससे किसी को उन पर कोई शक नहीं हुआ।
घटना उस दिन हुई जब सभी विवाहित हिंदू महिलाओं के लिए एक पवित्र त्योहार, करवा चौथ मनाया जा रहा था। सभी दुल्हनों ने अपने पतियों की लंबी उम्र के लिए विधि-विधान से व्रत रखा, पूजा की और पूरे रीति-रिवाज निभाए। उन्होंने घर में पकवान बनाए, मेहंदी लगाई और रात को चांद देखकर व्रत भी तोड़ा। इन सभी रस्मों को देखकर किसी के मन में कोई संदेह नहीं आया।
लेकिन रात के खाने के बाद ही असली खेल शुरू हुआ। परिवार वालों के मुताबिक, इन दुल्हनों ने रात के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो गए और उन्हें सुबह तक होश नहीं आया। जब सुबह घर के लोग जागे, तो उन्होंने देखा कि घर की अलमारियां खुली पड़ी हैं, लॉकर खाली हैं और सबसे बड़ी बात, नई नवेली दुल्हनें घर से लाखों के जेवरात और नकदी लेकर गायब हो चुकी हैं। अनुमान है कि इन सभी दुल्हनों ने मिलकर करीब 30 लाख रुपये से अधिक का सामान चोरी किया है।
पुलिस ने मामले की जांच की शुरू
इस सामूहिक धोखाधड़ी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और परिवारों में मातम पसर गया। यह स्पष्ट हो गया कि यह सब एक सोची समझी साजिश का हिस्सा था और ये सभी महिलाएं 'लुटेरी दुल्हन' गिरोह की सदस्य थीं। पीड़ित परिवारों ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बिचौलियों के साथ साथ फरार दुल्हनों की तलाश के लिए टीमें बिहार और झारखंड रवाना की गई हैं। यह घटना अलीगढ़ में शादी के नाम पर हुई एक बड़ी और सुनियोजित ठगी का मामला है। ऐसे में देखना होगा की इस मामले में कब तब इन परिवारों को इंसाफ मिल पाता है।