Tuesday 8th of April 2025

यूपी के कुछ जिलों में दिखेगा बिपरजॉय तूफान का असर, प्रदेश में 21 जून तक मानसून सक्रिय होने के आसार

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Rahul Rana  |  June 16th 2023 03:55 PM  |  Updated: June 16th 2023 03:55 PM

यूपी के कुछ जिलों में दिखेगा बिपरजॉय तूफान का असर, प्रदेश में 21 जून तक मानसून सक्रिय होने के आसार

ब्यूरो : उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और हीट वेव की चपेट में है। ज्यादातर जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक जबकि कुछ जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर चुका है। दिन में चलने वाली गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया है। वही रात का तापमान भी सामान्य से कुछ जिलों में 5 डिग्री सेल्सियस ऊपर पहुंच गया है। जिससे रात में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। 

अरब सागर में सक्रिय हुआ बिपरजॉय तूफान, जो कि 15 जून की देर शाम तक गुजरात के कच्छ में लैंडफॉल होगा। इसके लिए आपदा प्रबंधन दल की सभी टीमें अलर्ट मोड पर है। तटीय इलाकों को खाली करा लिया गया है, वहीं मछुआरों को समुद्र में जाने से रोक लगा दी गई है। मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि तूफान के कारण 17 जून से ही मौसम में बदलाव शुरू हो जाएंगे। 18 व 19 जून को उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं जो मानसून बिहार में आकर रुक गया था, वह भी तूफान के कारण आगे बढ़ेगा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज चमक के साथ तेज बारिश और तेज रफ्तार हवाएं चलेंगी। जिससे प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी से प्रदेशवासियों को राहत मिलेगी।

मौसम वैज्ञानिक दानिश के मुताबिक तूफान के कारण उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में आज से ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में हल्की कमी होना शुरू हो जाएगी। जोकि 18 से 19 जून को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जा सकती है। 18 जून से शुरू होने वाली बारिश किसानों के लिए फायदेमंद साबित होगी।

मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि इस बार उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश सामान्य अथवा सामान्य से कुछ कम होने की संभावना है। फिलहाल बिपरजॉय तूफान का असर उत्तर प्रदेश में आंशिक रूप से ही पड़ेगा। उत्तर प्रदेश में इस तूफान के जरिए नुकसान होने की संभावना काफी कम है। वही उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी से यह तूफान निजात दिलाने में सहायक साबित होगा। इस तूफान के कारण मानसून भी उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगा और मानसून की पहली बारिश भी अट्ठारह जून से शुरू हो जाएगी।

संवाददाता : जय कृष्णा  

Latest News

PTC NETWORK
© 2025 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network