Sunday 27th of April 2025

सीएम योगी ने फिर चेताया, जो जिस भाषा में समझेगा, उसी भाषा में जवाब देंगे

Reported by: Gyanendra Kumar Shukla, Editor, PTC News UP  |  Edited by: Mohd. Zuber Khan  |  April 27th 2025 11:47 AM  |  Updated: April 27th 2025 11:47 AM

सीएम योगी ने फिर चेताया, जो जिस भाषा में समझेगा, उसी भाषा में जवाब देंगे

लखीमपुर खीरी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहलगाम में पर्यटकों पर हुए कायराना आतंकी हमले की निंदा करते हुए यूपीवासियों की ओर से संवेदना व श्रद्धांजलि व्यक्त की। सीएम ने कहा कि सभ्य समाज में आतंकवाद-अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है। भारत सरकार का सेवा, सुरक्षा व सुशासन का मॉडल विकास, गरीब कल्याण और सबकी सुरक्षा पर आधारित है। सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत 'जिस भाषा में समझेगा, उस भाषा में जवाब देने के लिए' नया भारत तैयार है। नया भारत किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन छेड़ने वाले को पीएम मोदी के नेतृत्व में छोड़ेगा भी नहीं। जीरो टॉलरेंस नीति के अंतर्गत ही यूपी को माफिया, अराजकता, दंगा मुक्त किया और देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था के रूप में लाकर खड़ा किया।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण, अनुदान, आवास व ट्रैक्टर की चाबी आदि प्रदान की। बाढ़ नियंत्रण की सकारात्मक पहल के लिए बिजवा व पलिया ब्लॉक के किसानों ने मंच पर आकर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का प्रदेश बताते हुए कहा कि बाढ़ हो या बीमारी, नए भारत का नया उप्र इसके समाधान के लिए बखूबी आगे बढ़ा है। I

किसान का खेत भी बचेगा और बाढ़ से बस्ती भी

सीएम ने कहा कि पिछले वर्ष पलिया व निघासन क्षेत्र के लोगों को बाढ़ से जूझते हुए देखा था, तब मैंने कहा था कि चिंता न कीजिए, इसके स्थायी समाधान का रास्ता निकालेंगे। जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जलशक्ति विभाग बाढ़ के स्थायी समाधान के लिए शारदा नदी को चैनलाइज करने जा रहा है। इससे किसान का खेत भी बचेगा और बाढ़ से बस्ती भी बचेगी। सात किमी. लंबा चैनल बनाने का कार्य हो रहा है। सीएम ने बताया कि अप्रैल के पहले सप्ताह में आना था, लेकिन मैंने कहा कि पहले काम शुरू करो। अब यह कार्य तेजी से बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री-मंत्री का नहीं, यह जनता के टैक्स का पैसा है

योगी ने कहा कि सरकार जो पैसा खर्च करती है, वह मुख्यमंत्री-मंत्री का नहीं, बल्कि यह जनता के टैक्स का पैसा है। इसका सदुपयोग होना चाहिए। पहले प्रस्ताव आया था कि 180 करोड़ से तटबंध बनाया जाए। इससे किसानों की जमीन भी जाती।  मैंने पूछा कि शारदा नदी में तीन-सवा तीन लाख क्यूसेक पानी आएगा तो मिट्टी का तटबंध कैसे इसे रोक पाएगा। यह समस्या का समाधान नहीं है, नदी को चैनलाइज कीजिये, ड्रेजर मंगाइये और नदी को एक साथ चलने का रास्ता दीजिये, तब बाढ़ की समस्या का समाधान होगा।

10 जून तक पूरा करें कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि 180 करोड़ का काम मात्र 22 करोड़ में हो सकता है तो इस कार्य को 10 जून तक पूरा कर दीजिए। मानसून आएगा तो पानी पलिया, निघासन या लखीमपुर खीरी की तरफ नहीं जाएगा, बल्कि सरयू जी में मिलकर आगे बढ़ जाएगा। यदि इसे चैनलाइज कर देंगे तो पानी बिखरेगा नहीं, अपने रास्ते लय करते हुए आगे बढ़ जाएगा, जिससे किसान भी सुरक्षित रहेगा और उसकी खेती, घर, फसल, पशुधन भी सुरक्षित रहेगा। बाढ़ से जन-धन की हानि नहीं होगी।

विकास की नई ऊंचाइ‌यों को प्राप्त कर रहा लखीमपुर 

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखीमपुर विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। अब यहां मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी हो गया, जबकि साल वर्ष पहले यह सपना था। दूधवा नेशनल पार्क के माध्यम से पर्यटन की संभावना भी बढ़ेगी। लखीमपुर खीरी में एयरपोर्ट हो, इसके लिए पैसा भी दिया है। एयरपोर्ट सुहेली नदी व अन्य जलप्लावन से बचे, इसका भी निरीक्षण करेंगे।

किसान, युवा व आधी आबादी डबल इंजन सरकार की शीर्ष प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता किसान, युवा व आधी आबादी डबल इंजन सरकार की शीर्ष प्राथमिकता में है। सरकार ने किसानों के कर्ज माफी से कार्यों की शुरुआत की थी। हर किसान को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि दी जा रही है। हमने पहले दिन से ही कहा था कि किसी को भी किसानों के शोषण की इजाजत नहीं देंगे। 2017 के पहले किसानों का 10-10 वर्षों का गन्ना मूल्य बकाया रहता था, आज एक वर्ष पुराना भुगतान किसी का नहीं होगा। 122 में से 105 चीनी मिलें एक सप्ताह के अंदर भुगतान कर रही हैं। शेष 17 मिलों में लेटलतीफी का समाधान निकाल रहे हैं। पैसा किसी का डूबेगा नहीं, क्योंकि चीनी मिल का कब्जा सरकार के पास है। अभी हमने एस्क्रो अकाउंट खोला है, यह ज्वाइंट एकाउंट होगा। जो भी चीनी बिकेगी, उसका पैसा पहले किसान के पास जाएगा, फिर चीनी मिल मालिक के पास। यदि किसी ने इसके बाद भी बदमाशी की कि चीनी मिल की नीलामी करके पहले किसानों को पैसा देंगे।

सबकी सुरक्षा के लिए कार्य कर रहा शासन

सीएम ने सपा को घेरा, बोले कि विकास, महिला, युवा, किसान विरोधी लोगों को जब शासन का अवसर मिला था तो यह लोग किसानों को आत्महत्या, युवाओं को पलायन पर मजबूर करते थे और पेशेवर अपराधियों को संरक्षण देकर बेटी, बहन व व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाते थे। आज शासन सबकी सुरक्षा के लिए मजबूती से कार्य कर रहा है। कांग्रेस व सपा जाति के नाम पर समाज को बांट रही है। यह छत्रपति शिवाजी, राणा सांगा का अपमान व क्रूर औरंगजेब-बाबर का महिमामंडन करते हैं। दो वर्ष पहले जब लौहपुरुष की जयंती पर रन फॉर यूनिटी का कार्यक्रम चल रहा था, तब सपा मुखिया जिन्ना का महिमामंडन बदल दिया गया, यह लोग अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर करने जा रहे थे। हमारी सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज फिर से बाबा साहब के नाम पर किया।

400 गांव, ढाई लाख आबादी, 10 हजार हेक्टेयर भूमि को बाढ़ से बचाव में मिलेगी मदद

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सुरक्षा, सेवा, स्वावलंबन व गरीब कल्याण के लिए कार्य कर रही है। शारदा नदी जैसे ही चैनलाइज होगी तो 400 गांव, ढाई लाख आबादी, 10 हजार हेक्टेयर भूमि को बाढ़ से बचाव में मदद मिलेगी। यहां के जनप्रतिनिधियों ने मिलकर बाढ़ के स्थायी समाधान के लिए सरकार की मदद की है। मुख्यमंत्री ने 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया व भगवान परशुराम की बधाई दी। सीएम ने गोला गोकर्णनाथ में कॉरिडोर व दुधवा के विकास का भी जिक्र किया। बोले लखनऊ में जब तापमान 46 होगा तो दुधवा में 38 डिग्री तापमान होगा। पर्यटकों के आने से रोजगार की संभावना बढ़ेगी।

सीएम की किसानों से अपील- भूसा बैंक बनाइए 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार आया था तो खेतों में गेहूं व गन्ना की फसल थी। अब किसानों ने समय पर उसे समेट लिया है। सीएम ने अपील की कि फसल कट गई है तो आग न लगाइए, बल्कि भूसा बैंक बनाइए, गोमाता का आशीर्वाद बना रहेगा। भूसा में हरा चारा और चोकर मिलाकर खिलाएंगे तो गोवंश के दूध से आप व आपके बच्चे मजबूत होंगे। इससे दुश्मन के दांत खट्टा करने के लिए सीमाओं की रक्षा करने में सफल हो जाएंगे।

इस दौरान जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, विधायक हरविंदर कुमार उर्फ रोमी साहनी, विनोद शंकर अवस्थी, अमन गिरि, लोकेंद्र प्रताप सिंह, योगेश वर्मा, मंजू त्यागी, शशांक वर्मा, सौरभ सिंह सोनू, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, कमिश्नर रोशन जैकब, जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल आदि मौजूद रहीं।

सीएम के हाथों मिला सम्मान

सीएम योगी ने भोलेराम, बालचंद्र, पृथ्वी लाल को ट्रैक्टर व मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थी सनेव, मीना देवी, नीतू, कुसुमा, रीमा को चाबी दी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 358 समूहों को रिवाल्विंग फंड तथा 882 समूहों को सीआईएफ का डेमो चेक (14 करोड़, 30 लाख, 40 हजार) दिया गया। यह चेक सुनीता देवी, रेनु, अर्चना, शबाना, रंजू देवी ने प्राप्त किया। सीएम युवा उ‌द्यमी विकास अभियान के लाभार्थी अहिल्या राणा, वैशाली दिवाकर, हिमांशु जायसवाल, विनीत कुमार पटेल और रचित अग्रवाल को सीएम ने चेक प्रदान किया।

सीएम ने नाव पर बैठकर देखा शारदा नदी के चैनलाइजेशन का कार्य

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले शारदा नदी के चैनलाइजेशन के बारे में जानकारी ली। फिर यहां से नाव पर सवार हुए और वहां के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों व आवश्यक निर्देश भी दिए।

Latest News

PTC NETWORK
© 2025 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network