Fri, Apr 26, 2024

गोरखपुर के 'जनता दरबार' में सीएम योगी ने सुनी फरियाद

By  Mohd. Zuber Khan -- December 10th 2022 11:51 AM
गोरखपुर के 'जनता दरबार' में सीएम योगी ने सुनी फरियाद

गोरखपुर के 'जनता दरबार' में सीएम योगी ने सुनी फरियाद (Photo Credit: File)

लखनऊ/गोरखपुर:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर के लोगों की समस्याएं सुनते हुए नज़र आएंगे। इसका शुभ संकेत उन्होंने शनिवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम में जनता दरबार लगाकर दे दिया है। इस मौक़े पर मौजूद तमाम अधिकारियों को सीएम ने निर्देश दिए कि हर किसी के साथ न्याय होना चाहिए। जानकारी के मुताबिक़ जनता दर्शन में बड़ी संख्या में ज़मीन-जायदाद और इलाज से संबंधित मामले सामने आए। 

मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में मौजूद अधिकारियों को ज़मीन की समस्या का समाधान जल्द से जल्द करने का निर्देश दिया। साथ ही इलाज के लिए धन की मांग लेकर आए लोगों पर ख़ास ध्यान देने की हिदायत भी दे दी।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आगे बढ़कर वह यह सुनिश्चित करें कि किसी भी व्यक्ति का इलाज पैसों के अभाव में रुकने न पाए। 

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 200 से ज़्यादा लोगों की समस्याएं सुनी। सीएम योगी ने कहा कि 'जो भी मामले हों, उसे थाने पर ही सुलझाने की कोशिश की जाए, जनता को किसी भी तरह की परेशनी नहीं होनी चाहिए।' 

गौरतलब है कि सुबह हमेशा की तरह अपने आवास से निकलने के बाद योगी ने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ के दरबार में हाज़िरी लगाई। इसके बाद विधि-विधान के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका दर्शन-पूजन किया और फिर उन्होंने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के समाधि स्थल पर जाकर शीश नवाया।

मंदिर परिसर के भ्रमण और गोसेवा के बाद वह हिंदू सेवाश्रम गए, जहां सुबह से ही अपनी समस्या बताने के लिए लोग उनका इंतज़ार कर रहे थे। वहां आए हर-एक शख़्स के पास ख़ुद पहुंचकर सीएम ने क़ायदे से उनका प्रार्थना-पत्र लिया। प्रशासन से जुड़े मामलों का समस्यात्मक आवेदन पत्र उन्होंने ज़िलाधिकारी कृष्णा करूणेश को ज़िम्मेदारी और जवाबदेही के साथ सौंप दिया।

-PTC NEWS

  • Share

ताजा खबरें

वीडियो