Thu, Mar 23, 2023

विश्वकप की मेज़बानी करना हमारे लिए गर्व का विषय- सीएम योगी

By  Mohd. Zuber Khan -- December 14th 2022 12:55 PM
विश्वकप की मेज़बानी करना हमारे लिए गर्व का विषय- सीएम योगी

विश्वकप की मेज़बानी करना हमारे लिए गर्व का विषय- सीएम योगी (Photo Credit: File)

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हॉकी विश्वकप ट्रॉफी के लखनऊ आगमन पर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि विश्वकप की मेज़बानी करना भारत के लिए गर्व का विषय है, यूपी सरकार प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है।

सीएम योगी ने उम्मीद जताई कि ओडिशा में 13 से 29 जनवरी तक होने वाली इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रहेगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की पावन भूमि ओडिशा में होने वाले विश्वकप की मेज़बानी के लिए आज पूरा देश उत्सुक है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में यह हॉकी महाकुंभ विश्व के लिए भारत की अतिथि देवो भव: की भावना से साक्षात्कार का सुअवसर भी होगा।

गौरतलब है कि हॉकी में भारतीय टीम ने ओलंपिक जैसे बड़े खेल महाकुंभ में आठ स्वर्ण पदक जीते हैं। हॉकी में यूपी ने मेजर ध्यानचंद, केडी सिंह बाबू जैसे नामचीन खिलाड़ी देश को दिए हैं। यही नहीं, प्रदेश के वर्तमान खेल निदेशक आरपी सिंह स्वयं हॉकी टीम के कप्तान रह चुके हैं। आपको बता दें कि यूपी सरकार द्वारा खेलों के प्रोत्साहन के क्रम में ओलंपिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों समेत अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं के पदक विजेताओं की शासकीय सेवा का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

-PTC NEWS

  • Share

Latest News

Videos