Tuesday 17th of February 2026

UP Congress Protest News: लखनऊ में कांग्रेस का 'हल्ला बोल', विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस से तीखी झड़प, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय हिरासत में

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Dishant Kumar  |  February 17th 2026 02:20 PM  |  Updated: February 17th 2026 02:20 PM

UP Congress Protest News: लखनऊ में कांग्रेस का 'हल्ला बोल', विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस से तीखी झड़प, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय हिरासत में

UP Congress Protest News In Hindi : लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जबरदस्त हंगामा और धक्का-मुक्की देखने को मिली। कांग्रेस पार्टी द्वारा 'मनरेगा बचाओ' अभियान और विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर विधानसभा घेराव का ऐलान किया गया था, जिसे रोकने के लिए पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग की थी।

बैरिकेडिंग पर चढ़े कार्यकर्ता, पुलिस से तीखी नोकझोंक

मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर हजारों की संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए। जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विधानभवन की ओर कूच किया, हजरतगंज और बापू भवन के पास पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई। कई प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग फांदने की कोशिश करते दिखे, जिन्हें पुलिस ने बलपूर्वक नीचे उतारा।

अजय राय समेत कई दिग्गज नेता हिरासत में

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, विधायक आराधना मिश्रा 'मोना' और वीरेंद्र चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान अजय राय ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "योगी सरकार हमें जेल भेज सकती है, लेकिन हमारी आवाज नहीं दबा सकती। हम मनरेगा और जनता के हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे।"

नेताओं की 'नजरबंदी' का आरोप

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन को विफल करने के लिए सोमवार रात से ही कई जिलों में पार्टी पदाधिकारियों को उनके घरों में 'हाउस अरेस्ट' (नजरबंद) कर दिया गया था। प्रशासन ने शहर में निषेधाज्ञा लागू होने का हवाला देते हुए प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी। फिलहाल हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को ईको गार्डन धरना स्थल भेजा गया है।

Latest News

PTC NETWORK
© 2026 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network